देवरिया में ‘जेन जी कनेक्ट यात्रा’ को लेकर हंगामा, डीएम कार्यालय गेट पर धरने पर बैठे युवा

देवरिया में सोमवार को जेन जी कनेक्ट यात्रा में शामिल युवाओं ने डीएम कार्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन किया। युवाओं ने डीएम के मौके पर मौजूद नहीं होने पर उन्हें बुलाने की मांग की।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 August 2026, 2:33 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया में सोमवार को जेन जी कनेक्ट यात्रा में शामिल युवाओं ने डीएम कार्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन किया। युवाओं ने डीएम के मौके पर मौजूद नहीं होने पर उन्हें बुलाने की मांग की।

इस दौरान पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय गेट से हटाने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक की स्थिति बन गई।

बीएसए कार्यालय घेराव की सूचना पर बढ़ाई गई सुरक्षा

जेन जी कनेक्ट यात्रा के दौरान बीएसए कार्यालय के घेराव की सूचना मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया था। सोमवार सुबह 10 बजे से बीएसए कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी निगरानी करते नजर आए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।

रजत सिंह के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के अनुसार, जेन जी कनेक्ट यात्रा के नेतृत्वकर्ता रजत सिंह के खिलाफ गौरीबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

गौरीबाजार के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विनय शील मिश्र की तहरीर पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।

विद्यालय परिसर में प्रवेश और वीडियो वायरल करने का आरोप

22 अगस्त को दी गई शिकायत में खंड शिक्षा अधिकारी ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त को रविवार और स्कूल बंद होने के बावजूद रजत सिंह बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के प्राथमिक विद्यालय डमरभिस्वा परिसर में पहुंचे।

आरोप है कि उन्होंने विद्यालय की चहारदीवारी फांदकर परिसर में प्रवेश किया।

शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय परिसर में मौजूद पुराने निष्प्रयोज्य भवन को नियमों के अनुसार नीलाम कर ध्वस्त कराया जा चुका था। ध्वस्तीकरण के बाद बचा मलबा विद्यालय के एक कोने में रखा हुआ था, जिसे हटाने की प्रक्रिया चल रही थी।

विभाग की छवि खराब करने का आरोप

खंड शिक्षा अधिकारी ने आरोप लगाया कि रजत सिंह ने मलबे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया और विद्यालय एवं शिक्षा विभाग की छवि खराब करने के लिए तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि वीडियो में विद्यालय को कायाकल्प योजना के तहत मिली सुविधाओं और उसकी वर्तमान स्थिति को नहीं दिखाया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।

Location :  Deoria

Published :  24 August 2026, 2:33 PM IST

Related News

Advertisement