Mainpuri News: ‘पूजा में मत आना’… विरोध के बाद मारपीट का आरोप, पीड़ित परिवार ने एसपी से मांगा इंसाफ

मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के धोवा गांव में पूजा कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर एक दलित परिवार से मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित सर्वेश कुमार ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर गांव के कई लोगों पर जातिसूचक विरोध, लाठी-डंडों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 August 2026, 1:49 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के धोवा गांव में पूजा कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूजा में शामिल होने पहुंचे एक दलित परिवार का कुछ लोगों ने विरोध किया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोध करने वाले लोगों ने लाठी-डंडे निकालकर उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है।

29 जुलाई की शाम पूजा में शामिल हुआ था परिवार

धोवा गांव निवासी सर्वेश कुमार पुत्र सरदार सिंह ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 29 जुलाई 2026 की शाम करीब आठ बजे गांव में गमा देवी की पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। सर्वेश के मुताबिक वह अपनी पत्नी सरोज और बेटों धीरेन्द्र व रामू के साथ पूजा में शामिल होने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने पूजा में धानुक समाज के लोगों के शामिल होने का विरोध शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोग अपने घरों से लाठी-डंडे लेकर आए और उसके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मैनपुरी में रात में घर से निकला था युवक? सुबह गांव के बाहर मिला शव, मौत की वजह तलाश रही पुलिस

लाठी-डंडों से पीटने का आरोप

सर्वेश का आरोप है कि विरोध के बाद आरोपियों ने उसे और उसके परिवार के सदस्यों को लाठी-डंडों से पीटा। मारपीट में उसके हाथ में चोट आई। वहीं उसके दोनों बेटों रामू और धीरेन्द्र को भी गंभीर चोटें लगने का दावा किया गया है। पीड़ित के मुताबिक घटना के दौरान परिवार को बचाने के लिए आसपास मौजूद कुछ ग्रामीण आगे आए। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ और परिवार को आरोपियों से बचाया जा सका।

जान से मारने की धमकी का आरोप

सर्वेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने परिवार को धमकी भी दी। पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने कहा कि अगर धानुक समाज के लोग दोबारा पूजा में शामिल हुए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस आरोप के बाद पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

‘साहब! हमें और हमारे परिवार को बचा लीजिए…’ मैनपुरी में दबंगों की धमकी से दहशत के साये में महिला

पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप

पीड़ित ने अपनी शिकायत में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कराए जाने का भी दावा किया गया है। अब सर्वेश ने पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

Location :  Mainpuri

Published :  21 August 2026, 1:49 PM IST

Advertisement