UP Women Free Bus Travel: आज से 3 दिन मुफ्त सफर, सरकार का रक्षाबंधन गिफ्ट

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की सौगात के तहत महिलाओं को तीन दिनों तक बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इस व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 8 August 2025, 2:41 PM IST
google-preferred

Lucknow: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की सौगात के तहत महिलाओं को तीन दिनों तक बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इस व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने व्यापक इंतजाम किए हैं। हर स्तर पर निगरानी और यात्रियों की सहायता के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम सक्रिय

क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, ताकि महिलाएं या अन्य यात्री किसी भी समस्या का तुरंत समाधान पा सकें। साथ ही, एक विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जिसका नंबर 8726005808 जारी किया गया है। यात्री इस नंबर पर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

पेट्रोलिंग और निगरानी के सख्त इंतजाम

रक्षाबंधन के दौरान भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए दो प्रवर्तन वाहन भी तैनात किए गए हैं। एक वाहन अवध बस स्टेशन पर और दूसरा लखनऊ-रायबरेली व लखनऊ-कानपुर मार्ग पर पेट्रोलिंग करेगा। सभी बस स्टेशनों पर शिफ्टवार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि हर समय स्थिति पर नजर रखी जा सके।

महिलाओं के लिए पिकिंग पॉइंट्स और सफाई पर खास ध्यान

महिलाओं को आसानी से बसों तक पहुंचाने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर पिकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई है। साथ ही, सभी बसों की सफाई और तकनीकी जांच 13 बिंदुओं पर कार्यशालाओं में की जा रही है। जो बसें 200 किमी या उससे अधिक दूरी तय करेंगी, उनकी सफाई भी अलग से सुनिश्चित की गई है।

वर्दी में रहेंगे चालक-परिचालक, यात्रियों से करेंगे शालीन व्यवहार

क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार, सभी ड्राइवर और कंडक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी वर्दी में, बिना नशे के अपनी ड्यूटी निभाएं और यात्रियों, खासकर बुजुर्गों व महिलाओं से मृदुल व्यवहार करें। बुजुर्गों को बस में चढ़ने-उतरने में सहायता करना उनकी जिम्मेदारी होगी।

ट्रेनें फुल, बसों पर बढ़ा दबाव

रक्षाबंधन को देखते हुए दिल्ली और मुंबई से आने वाली अधिकांश ट्रेनें पहले से ही फुल हो चुकी हैं। लखनऊ से पूर्वांचल और बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी भारी वेटिंग है, जिससे यात्रियों को जनरल कोच में यात्रा करनी पड़ रही है। ऐसे में अधिकतर लोग अब बसों पर ही निर्भर हो गए हैं। रेलवे प्रशासन ने स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं।

Location :  Lucknow

Published :  8 August 2025, 2:33 PM IST

Advertisement