हिंदी
यूपी में मानसून का आखिरी प्रहार (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और चिपचिपाहट भरी उमस से बेहाल लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। बंगाल की खाड़ी में बने नए कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के प्रभाव से अगले 48 घंटों में राज्य का मौसम अचानक करवट लेने वाला है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 25 से 27 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। उड़ीसा, मध्य प्रदेश और बिहार के रास्ते आ रही मानसूनी हवाओं से पूरे राज्य में एक बार फिर मौसम सुहावना होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 26 सितंबर को राज्य के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की भी संभावना है, जिसे लेकर 'यलो अलर्ट' जारी किया गया है।
Weather Update: कहीं भारी बारिश तो कहीं खिली रहेगी धूप, 13 राज्यों के लिए IMD का अलर्ट
गुरुवार से ही प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश देखने को मिलेगी, वहीं शुक्रवार को भारी बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।
अक्सर सितंबर के अंत तक मानसून की वापसी हो जाती है, लेकिन इस बार उत्तर प्रदेश से मॉनसून की पूरी तरह विदाई में अभी समय लगेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (कानपुर) के मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 5 अक्टूबर से पहले यूपी से मानसून के विदा होने की उम्मीद बहुत कम है।
कानपुर और आसपास के इलाकों से मानसून की वापसी 30 सितंबर के करीब शुरू होगी, लेकिन उससे पहले भादों के अंतिम दिनों में यह मानसूनी स्पेल लोगों को उमस से पूरी तरह निजात दिलाएगा।
Location : Lucknow
Published : 23 September 2026, 7:36 AM IST