हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना समेत 13 राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अगले 2-3 दिनों के दौरान मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अगले 12 घंटों के भीतर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों के पास पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा में 23-24 सितंबर, तटीय आंध्र प्रदेश में 22-23 सितंबर और छत्तीसगढ़ व तेलंगाना में 23-24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका है। समुद्र की स्थिति खराब रहने के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। कुछ क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा भी जताया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 सितंबर को केरल, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, सिक्किम, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में 23 और 24 सितंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान करीब 35-36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 25 सितंबर से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। इसके साथ तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में 23 सितंबर को बारिश को लेकर कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, 25 से 27 सितंबर के बीच पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26-27 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी यूपी में 26 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
“मेरी बीवी से लड़ाई हो गई, अब आत्महत्या ही करूंगा” फिर कैसे आधी रात में बच गई औरैया के आकाश की जान?
बिहार में 23 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 24-25 सितंबर को कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। झारखंड में 23 से 27 सितंबर के बीच बारिश का दौर जारी रह सकता है। यहां 23 और 25-26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में 25-26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान और विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।
Location : New Delhi
Published : 23 September 2026, 7:13 AM IST