
यूपी में अचानक बदला मौसम (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में फरवरी के महीने में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में तेज धूप और सतही हवाओं के कारण मौसम साफ बना हुआ था, लेकिन अब कोहरे ने दोबारा दस्तक दे दी है। मौसम विभाग (IMD) ने तराई क्षेत्र के 24 जिलों में घने से अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोहरे की वजह से खासतौर पर सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा महसूस किया जा सकता है। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। कुछ जिलों में विजिबिलिटी शून्य मीटर तक गिर सकती है, जो चिंता का विषय है।
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश- दोनों ही संभागों में आज मौसम शुष्क बना रहेगा। हल्की हवाएं चल सकती हैं, लेकिन बारिश या बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं है। दिन के समय हल्की धूप निकलने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिलेगी। तराई क्षेत्रों को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा और वे ग्रीन जोन में बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने 9 फरवरी को जिन 24 जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की है, उनमें कई संवेदनशील तराई जिले शामिल हैं।
ऑरेंज अलर्ट (अत्यंत घना कोहरा, विजिबिलिटी शून्य तक)
बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर और गोरखपुर। इन जिलों में दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जिससे वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
येलो अलर्ट (घना कोहरा, 100-500 मीटर विजिबिलिटी)
बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया। इन इलाकों में भी सुबह के समय कोहरा यातायात को प्रभावित कर सकता है।
राजधानी लखनऊ में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान साफ हो जाएगा और धूप खिलकर निकलेगी। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। दिन में धूप का असर थोड़ा कम रहेगा, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है।
Weather Update: दिल्ली-NCR में सर्दी के साथ हल्की गरमाहट, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा। 10 से 14 फरवरी के बीच किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
Location : Lucknow
Published : 9 February 2026, 7:55 AM IST