
50 हजार का गोवंश तस्कर खलील गिरफ्तार
Chandauli: चंदौली में अपराध की दुनिया को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब लंबे समय से फरार चल रहा 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गोवंश तस्करी जैसे संगीन अपराधों में वांछित खलील लगातार कानून को चकमा दे रहा था, लेकिन STF की पैनी नजर और सटीक इनपुट ने उसके खेल को खत्म कर दिया। दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस गिरफ्तारी ने तस्करी नेटवर्क में खलबली मचा दी है।
STF को मिली बड़ी सफलता
8 फरवरी 2026 को STF उत्तर प्रदेश को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी। थाना सैयदराजा (जनपद चंदौली) में दर्ज मुकदमे में वांछित और 50 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त खलील को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई STF को लगातार मिल रही उन सूचनाओं के बाद की गई। जिनमें फरार और इनामी अपराधियों की सक्रियता की बात सामने आ रही थी। इसके बाद STF की अलग-अलग टीमों को अलर्ट कर दिया गया था।
हाईवे पर दबोचा गया इनामी अपराधी
STF की टीम अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में चंदौली जनपद में लगातार भ्रमण और सूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान पुख्ता जानकारी मिली कि खलील मिशलपुर इलाके में दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर डीग्घी गांव मोड़ के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी प्रभाकर पाण्डेय और गौरव सिंह की टीम ने घेराबंदी कर उसे दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर गिरफ्तार कर लिया।
तस्करी का संगठित नेटवर्क चलाता था खलील
पूछताछ में खलील ने खुलासा किया कि वह एक संगठित गिरोह चलाता है, जो उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और बिहार से गोवंशीय पशुओं को असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में तस्करी करता था। मार्च 2023 में थाना सैयदराजा में मुकदमा दर्ज होने के बाद वह लगातार जगह बदलता रहा। इसके अलावा बिहार, हरियाणा, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में छिपकर रह रहा था।
Location : Chandauli
Published : 8 February 2026, 8:38 PM IST
Topics : Chandauli News cow smuggling UP News UP Police UP STF