हिंदी
प्रकीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश की सभी 52 निजी विश्वविद्यालयों की गहन जांच की जाएगी। इस जांच का मुख्य उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत करना है।
राज्य उच्च शिक्षा परिषद ने इसके लिए 11 विशेष निरीक्षण कमेटियों का गठन किया है।
राज्य को 11 मंडलों में विभाजित कर हर मंडल के लिए एक अलग कमेटी बनाई गई है। इन कमेटियों की अध्यक्षता संबंधित मंडल के मंडलायुक्त करेंगे। इसके अलावा कमेटी में जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी, राज्य विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और संबंधित विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल किए गए हैं। यह टीम अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर विश्वविद्यालयों का भौतिक निरीक्षण करेगी।
निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालयों की जांच 17 प्रमुख मानकों पर की जाएगी। इसमें भूमि और भवन की स्थिति, लाइसेंस और अनुमति पत्र, ट्रस्ट या सोसाइटी का संचालन, वित्तीय पारदर्शिता, शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया, वेतन व्यवस्था, पाठ्यक्रम की मान्यता, छात्रों के प्रवेश नियम और शिकायत निवारण प्रणाली जैसे पहलू शामिल हैं।
इसके साथ ही अकादमिक कैलेंडर, लाइब्रेरी सुविधाएं, शोध कार्य, रैंकिंग, प्रशासनिक व्यवस्था और छात्र-शिक्षक सहभागिता जैसे बिंदुओं की भी समीक्षा की जाएगी। इन सभी पहलुओं से यह तय होगा कि विश्वविद्यालय मानकों के अनुसार शिक्षा प्रदान कर रहे हैं या नहीं।
सरकार ने इन सभी कमेटियों को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य उच्च शिक्षा परिषद को सौंपने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। अगर किसी विश्वविद्यालय में गंभीर खामियां पाई जाती हैं तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं, जिसमें सुधार के आदेश से लेकर मान्यता पर असर तक की स्थिति बन सकती है।
शाहजहांपुर में कब थमेगा तेज रफ्तार का कहर: किसकी गलती से गई 3 लोगों की जान, कौन है असली जिम्मेदार?
सरकार का यह कदम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कई बार निजी विश्वविद्यालयों पर मानकों की अनदेखी और गुणवत्ता में कमी के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में यह जांच अभियान व्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।
Location : Lucknow
Published : 17 May 2026, 1:26 PM IST
Topics : Education Department Higher Education Council Private Universities Quality Inspection UP education reform