हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img AI)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच योगी सरकार ने ग्राम पंचायतों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने के लिए और बढ़ा दिया गया है। शासन का यह आदेश शुक्रवार से प्रभावी हो गया है। अब ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों और सामान्य कामकाज की जिम्मेदारी प्रशासकों के पास ही रहेगी।
शासन के आदेश के मुताबिक, ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासक अगले छह महीने तक या राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक कामकाज संभालेंगे। दोनों में से जो स्थिति पहले आएगी, उसी के आधार पर प्रशासकों का विस्तारित कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंदर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश की ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो गया था। इसके बाद शासन ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया था। उन्हें छह महीने तक ग्राम पंचायतों के सामान्य कामकाज और विकास कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
प्रदेश सरकार ने 23 नवंबर को उत्तर प्रदेश पंचायत राज (संशोधन) अध्यादेश लाया था। इसके तहत पंचायत राज अधिनियम की संबंधित धारा में संशोधन किया गया है।
नई व्यवस्था के अनुसार, लोकहित या अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं होने पर राज्य सरकार प्रशासनिक समिति या प्रशासक नियुक्त कर सकती है। इनका कार्यकाल छह महीने तक होगा, जिसे दोबारा छह महीने या पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक बढ़ाया जा सकता है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं और सामान्य प्रशासनिक कार्यों का संचालन जारी रहेगा। पंचायत चुनाव और नई ग्राम पंचायतों के गठन तक वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था के जरिए गांवों का कामकाज प्रभावित होने से बचाने की कोशिश की गई है।
वहीं, अब सभी की निगाहें पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट और आगामी पंचायत चुनाव के कार्यक्रम पर टिकी हैं।
Location : Lucknow
Published : 27 November 2026, 9:22 AM IST
Topics : Gram Panchayat Administrator gram pradhan OBC Commission Report UP Panchayat Chunav up panchayat election 2026