UP में मानसून का महा-ब्लास्ट: सभी 75 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, बहराइच में रिकॉर्ड तोड़ बारिश

यूपी में 10 दिन की देरी से पहुंचे मानसून ने दस्तक देते ही रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 2 July 2026, 7:47 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के निवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। राज्य में मानसून की एंट्री के बाद अब कई इलाकों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज गुरुवार को पूरे यूपी में भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है।

IMD के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है।

बहराइच में बरसी आफत और राहत

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को यूपी के बहराइच जिले में सबसे ज्यादा 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसने जनजीवन को प्रभावित करने के साथ ही लोगों को गर्मी से निजात दिलाई। बहराइच के अलावा बिजनौर में 95 मिमी और ललितपुर में 93 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

उमस से मिली राहत: दिल्ली में बरसे बदरा, अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में होगी भारी बारिश; जानें IMD का नया अपडेट

राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

10 दिन की देरी से आया मानसून

इस साल उत्तर प्रदेश में मानसून अपने निर्धारित समय से करीब 10 दिन की देरी से पहुंचा है। मानसून ने मंगलवार को सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते यूपी में प्रवेश किया था। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब यूपी के कई अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ गया है।

वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा आजमगढ़, अयोध्या और बरेली से होकर गुजर रही है। मानसून के सक्रिय होने के कारण पूरे उत्तर प्रदेश के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

आ गया मानसून! यूपी में मानसून ने ली धांसू एंट्री, इन 30 जिलों के लोग हो जाएं सावधान, IMD ने जारी किया अलर्ट

गाजियाबाद से वाराणसी तक सावधान

मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इस अलर्ट में गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, रामपुर, संभल, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मैनपुरी, हरदोई, कन्नौज, इटावा, कानपुर, रायबरेली, उन्नाव, जौनपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, अमेठी समेत राज्य के लगभग सभी छोटे-बड़े जिले शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली चमकने के समय पेड़ों या कमजोर इमारतों के नीचे न खड़े होने की सलाह दी है।

Location :  Lucknow

Published :  2 July 2026, 7:47 AM IST