UP Breaking News: आगरा में बाइक की टक्कर से महिला की मौत, यहां पढ़ें यूपी की बड़ी अपडेट

UP Breaking News: उत्तर प्रदेश में आज मौसम, सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरों पर नजर रहेगी। लखनऊ, नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी समेत प्रदेश के सभी जिलों की बड़ी खबरें और ताजा अपडेट एक ही लाइव ब्लॉग में लगातार पढ़िए।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 September 2026 , 6:48 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बड़ी खबरों के त्वरित अपडेट के लिए जाना जाता है। उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 20 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की हर जरूरी खबर का एक साथ अपडेट लेकर आए हैं।

प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ सकती हैं। कहीं बारिश और मौसम का बदला मिजाज लोगों की चिंता बढ़ा सकता है तो कहीं अपराध और प्रशासन से जुड़े मामलों में नए अपडेट सामने आ सकते हैं। राजनीतिक गतिविधियों पर भी आज नजर बनी रहेगी।

ऐसे में अलग-अलग खबरों को खोजने की जरूरत नहीं है। डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह मिलती रहेगी।

लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के अन्य जिलों की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे। मौसम का नया अलर्ट हो, कोई बड़ा हादसा, अपराध की खबर, प्रशासनिक कार्रवाई, ट्रैफिक अपडेट या सियासी हलचल—हर जरूरी खबर पर हमारी नजर रहेगी।

20 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और जनसरोकार से जुड़ी हर बड़ी खबर की पल-पल की अपडेट। घटनाक्रम बदलने के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 20 Sep 2026 06:48 PM (IST)

      Kanpur Live Update: 4.31 लाख की लूट का खुलासा, पीड़ित का ड्राइवर ही निकला साजिशकर्ता

      शिवराजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुई 4 लाख 31 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित के निजी चालक आसिफ समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि लूट की वारदात पहले से बनाई गई योजना के तहत अंजाम दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, आबिद की गाड़ी हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान XUV500 कार ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर उसमें रखा 4.31 लाख रुपये से भरा झोला लूट लिया।

    • 20 Sep 2026 06:33 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: सुलतानपुर में युवाओं ने किया रक्तदान, SP ने बढ़ाया उत्साह

      जिला अस्पताल में रविवार को घर फाउंडेशन, सुलतानपुर की ओर से युवा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान पुनीत कार्य है और जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से स्वेच्छा से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

    • 20 Sep 2026 06:32 PM (IST)

      Pratapgarh Live Update: RSS की संगोष्ठी में सामाजिक एकजुटता पर जोर

      प्रतापगढ़ के सगरा रोड स्थित श्रीहरि पैलेस में रविवार को आरएसएस के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के तहत ‘प्रमुख जन संगोष्ठी’ आयोजित हुई। मुख्य वक्ता काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि समाज की शक्ति संगठन, आत्मीयता और सामूहिक सहभागिता में निहित है। उन्होंने कहा कि सामाजिक चुनौतियों का समाधान एकजुटता से संभव है। संगोष्ठी में डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता और शिक्षक समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर विचार रखे। रमेश ने परिवार, शिक्षा, पर्यावरण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों को लेकर जागरूकता बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम में संघ के कई पदाधिकारी और प्रमुख जन मौजूद रहे।

       

    • 20 Sep 2026 06:24 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: पंत स्टेडियम में युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

      सुलतानपुर के पंत स्टेडियम में रविवार को MY Bharat और जिला खेल कार्यालय की ओर से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता एवं खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। इस दौरान कबड्डी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें युवाओं ने उत्साह से हिस्सा लिया। खेल के जरिए फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी सुधीर पाण्डेय, जिला खेल अधिकारी, MY Bharat स्वयंसेवक, NYVs और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व युवा मौजूद रहे।

       

    • 20 Sep 2026 06:23 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: 46 PHC पर लगा आरोग्य मेला, 1738 लोगों ने कराया इलाज

      सुलतानपुर में रविवार को जिले के सभी 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 271वां मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। मेले में 53 चिकित्सकों और 291 पैरामेडिकल स्टाफ ने सेवाएं दीं। कुल 1738 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 744 पुरुष, 820 महिलाएं और 174 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान 18 आयुष्मान गोल्डन कार्ड और 18 आभा कार्ड बनाए गए। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 51 बालिकाओं को HPV का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मेले में लोगों को जांच, उपचार और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

       

    • 20 Sep 2026 06:00 PM (IST)

      Budaun Live Update: बदायूं में शिवपाल का योगी सरकार पर हमला

      बदायूं दौरे के दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव में सरकार को हटाने के लिए काम करेगी। शिवपाल ने सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कहा कि फैसला दोनों दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन मजबूत कर रही है। योगी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए शिवपाल ने कहा कि सरकार ने बेईमानी के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हालांकि, उनके बदायूं दौरे की पूर्व घोषित जानकारी में मुख्य कार्यक्रम सांसद आदित्य यादव से मुलाकात और शोक संवेदना का था।

    • 20 Sep 2026 05:36 PM (IST)

      Bareilly Live Update: CM ग्रिड के काम से बढ़ी परेशानी, डीडी पुरम में धरना

      बरेली के डीडी पुरम क्षेत्र में CM ग्रिड योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों से हो रही समस्याओं को लेकर पूर्व सपा प्रवक्ता मयंक शुक्ला के नेतृत्व में धरना दिया गया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों की समस्याएं उठाई गईं। मयंक शुक्ला ने कहा कि सड़क की चौड़ाई कम होने, फुटपाथ निर्माण और सड़क के स्वरूप में बदलाव से यातायात प्रभावित हो रहा है और जाम की समस्या बढ़ी है। व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्यों से कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने योजना की दोबारा समीक्षा, निर्माण की गुणवत्ता की जांच और स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की। पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने भी प्रशासन से पूरे मामले की समीक्षा की मांग की।

    • 20 Sep 2026 05:20 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: बस स्टेशन पर अचेत मिले बुजुर्ग, अस्पताल पहुंचाया

      सुल्तानपुर बस स्टेशन पर भरथुआ निवासी श्री राम केवल वर्मा अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया गया। सुल्तानपुर डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति श्री राम केवल वर्मा की पहचान या उनके परिजनों के बारे में जानकारी रखता है, तो परिवार से संपर्क कर उन्हें सूचना देने में मदद करें। फिलहाल बुजुर्ग का इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।

    • 20 Sep 2026 05:14 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: जंगली सूअर का आतंक खत्म, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

      सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के परसौहा कल्याणपुर और आसपास के गांवों में आतंक का पर्याय बने जंगली सूअर को रविवार को ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान में मार गिराया। बताया गया कि 19 सितंबर को जंगली सूअर ने करीब आधा दर्जन लोगों पर हमला किया था। इस दौरान कल्याणपुर निवासी 65 वर्षीय उदयराज पाल की मौत हो गई थी, जबकि कई ग्रामीण घायल हुए थे। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत थी और लोग खेतों की ओर जाने से बच रहे थे। रविवार को वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से घेराबंदी कर जंगली सूअर को मार गिराया।

    • 20 Sep 2026 05:01 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: अक्टूबर तक पूरा करें जल जीवन मिशन का काम

      मिर्जापुर के विंध्याचल अष्टभुजा गेस्ट हाउस में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर गांव और हर घर तक पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सितंबर तक पूरी होने वाली कुछ परियोजनाएं अभी अधूरी हैं, जिसके लिए कार्यदायी संस्थाओं ने अक्टूबर तक का समय लिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि अक्टूबर तक काम पूरा नहीं होने पर संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं की समीक्षा की और कहा कि भारी बारिश के बावजूद पिछले वर्षों में किए गए कार्यों से जनहानि रोकने में मदद मिली है।

    • 20 Sep 2026 05:00 PM (IST)

      Pratapgarh Live Update: स्कूल से सिलेंडर चोरी, दो चोर गिरफ्तार

      प्रतापगढ़ के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कलापुर कंपोजिट विद्यालय में रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी कर भाग रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर चोरी किया गया इंडेन गैस सिलेंडर बरामद कर लिया।

    • 20 Sep 2026 04:51 PM (IST)

      Pratapgarh Live Update: राजा भैया को क्लीनचिट, प्रतापगढ़ में जश्न

      प्रतापगढ़ के चर्चित सीओ जियाउल हक हत्याकांड मामले में कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को कानूनी राहत मिलने के बाद प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। लखनऊ की विशेष सीबीआई अदालत ने दोबारा जांच के बाद दाखिल क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया और राजा भैया समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ आगे कार्रवाई की मांग खारिज कर दी। अदालत के फैसले के बाद रविवार को शहीद उद्यान स्थित जनसत्ता दल लोकतांत्रिक कार्यालय प्रताप सदन पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और पटाखे फोड़कर खुशी जताई। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि “सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।” उन्होंने कहा कि 13 साल पुराने मामले में आखिरकार सत्य की जीत हुई है।

       

    • 20 Sep 2026 04:49 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: अमृत योजना पर DM सख्त, 4 JE पर कार्रवाई

      मिर्जापुर में अमृत योजना के तहत चल रहे कार्यों में लापरवाही और सड़कों की बदहाल स्थिति पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी की नाराजगी के बाद डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान लापरवाही मिलने पर चार जेई के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि, एक्सईएन को शो-कॉज नोटिस और एई को चेतावनी दी गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष और ईओ जी. लाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। पालिकाध्यक्ष ने सड़कों की खुदाई के बाद समय पर मरम्मत न होने, आवागमन बाधित होने, सीवर जाम और जलभराव की समस्या उठाई। डीएम ने खोदी गई सड़कों को तत्काल दुरुस्त कराने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

    • 20 Sep 2026 04:48 PM (IST)

      Muzaffarnagar Live Update: समाज पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं- जयंत

      मुजफ्फरनगर के पंचेड़ा गांव में आयोजित सामाजिक समरसता सम्मेलन में RLD प्रमुख जयंत चौधरी ने सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के कथित बयान को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। जयंत चौधरी ने सवाल किया कि आखिर विपक्षी दल के प्रदेश अध्यक्ष किस समाज को ‘गिरा हुआ समाज’ बता रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर हिम्मत है तो यह भी बताया जाए कि वह किस समाज की बात कर रहे थे। जयंत चौधरी ने कहा कि जिस समाज से चौधरी चरण सिंह निकले और जिसने अहिल्याबाई होल्कर और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे नेताओं को देखा, उसे गिरा हुआ समाज कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर उनके दल का प्रदेश अध्यक्ष किसी समाज पर टिप्पणी करता तो वह एक दिन भी पद पर नहीं रह सकता था। जयंत ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं है, लेकिन समाज पर टिप्पणी होगी तो वह समाज के सम्मान के लिए खड़े होंगे।

    • 20 Sep 2026 03:44 PM (IST)

      Deoria Live Update: बिजली उपकेंद्र की मांग, 25 सितंबर को महापंचायत

      देवरिया के शिधुआ गांव में 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण और बिजली समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने ग्रामीणों और किसानों के साथ बैठक की। बैठक में 25 सितंबर को अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यालय पर प्रस्तावित महापंचायत की तैयारियों पर चर्चा हुई। भाकियू नेताओं ने कहा कि शिधुआ में उपकेंद्र निर्माण की मांग को लेकर संगठन पिछले दो वर्षों से संघर्ष कर रहा है। बरियारपुर उपकेंद्र पर अधिक भार और करीब 15 किलोमीटर लंबी लाइन के कारण लो-वोल्टेज और बार-बार ब्रेकडाउन की समस्या बनी रहती है। संगठन ने जर्जर तारों को बदलने समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की है।

    • 20 Sep 2026 03:29 PM (IST)

      Noida Live Update: नोएडा पहुंचे CM योगी, कार्यक्रम में होंगे शामिल

      नोएडा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां ‘उत्कर्ष नारी सम्मान युवा अभियान’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में संघ के बड़े पदाधिकारी भी शामिल हैं। सीएम योगी के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

    • 20 Sep 2026 03:29 PM (IST)

      Etah Live Update: घर में निकला कोबरा, मचा हड़कंप

      एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के पुरुषारी गांव में एक घर में कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

    • 20 Sep 2026 03:27 PM (IST)

      Chandauli Live Update: सैयदराजा में विकास कार्यों की फिर जांच

      चंदौली के सैयदराजा नगर पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों की दोबारा जांच शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री के आदेश पर जांच टीम सैयदराजा पहुंची और वार्डों में विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। पूर्व चेयरमैन शंकर प्रसाद जायसवाल की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए थे। टीम में PWD के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार और SDM राजीव सक्सेना शामिल हैं। टीम शिकायत में लगाए गए आरोपों की बिंदुवार पड़ताल करने के साथ संबंधित अभिलेखों की भी जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी। अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।

    • 20 Sep 2026 03:08 PM (IST)

      प्रतापगढ़ LIVE: फर्राटा पंखे में उतरा करंट, किशोर की मौत

      पंखे के संपर्क में आते ही लगा जोरदार झटका: अंतू थाना क्षेत्र के जोगीपुर गांव में शनिवार दोपहर फर्राटा पंखे में करंट उतरने से 16 वर्षीय शुभम वर्मा की मौत हो गई। शुभम इंटरमीडिएट का छात्र था। हादसे के बाद परिजनों ने बिजली की मुख्य लाइन बंद की, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। परिजनों में मचा कोहराम: किशोर की अचानक मौत से मां-बाप समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दी जानकारी: अंतू थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

    • 20 Sep 2026 02:07 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: गंगा में कूदे युवक का शव बरामद

      मिर्जापुर   में ओझला पुल से गंगा नदी में कूदे युवक धीरज मौर्य का शव बरामद कर लिया गया है। गजिया टोला निवासी युवक ने शनिवार देर रात पुल से गंगा में छलांग लगाई थी। सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश में जुटे थे। काफी मशक्कत के बाद गैवीघाट के गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

    • 20 Sep 2026 01:24 PM (IST)

      Mainpuri Live Update: वांछित और वारंटी आरोपियों के खिलाफ अभियान, 29 गिरफ्तार

      मैनपुरी में पुलिस ने वांछित, वारंटी और जिला बदर आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 19 सितंबर को चलाए गए अभियान में पुलिस ने कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 21 वारंटी और 8 वांछित आरोपी शामिल हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

    • 20 Sep 2026 01:18 PM (IST)

      Bareilly Live Update: भाजपा ने तीनों सांगठनिक इकाइयों के लिए प्रभारी किए नियुक्त

      बरेली में भाजपा ने संगठन की तीनों सांगठनिक इकाइयों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के अनुसार रजनीकांत माहेश्वरी को बरेली महानगर, दिनेश शर्मा को बरेली जिला और डीपी भारती को आंवला का प्रभारी बनाया गया है। अब तीनों नेताओं पर अपनी-अपनी इकाइयों में संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी कार्यक्रमों के समन्वय की जिम्मेदारी होगी।

    • 20 Sep 2026 01:17 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: गंगा में कूदे युवक का शव बरामद

      मिर्जापुर में ओझला पुल से गंगा नदी में कूदे युवक धीरज मौर्य का शव बरामद कर लिया गया है। गजिया टोला निवासी युवक ने शनिवार देर रात पुल से गंगा में छलांग लगाई थी। सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश में जुटे थे। काफी मशक्कत के बाद गैवीघाट के गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

    • 20 Sep 2026 12:47 PM (IST)

      Bareilly Live Update: IMA चुनाव में आज मतदान

      बरेली IMA के वर्ष 2026-27 के चुनाव में रविवार को मतदान हो रहा है। प्रेसिडेंट-इलेक्ट पद के लिए डॉ. हिमांशु अग्रवाल और डॉ. आरके भास्कर के बीच सीधा मुकाबला है। उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए तीन और कोषाध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसके बाद मतगणना शुरू होगी। देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।

    • 20 Sep 2026 12:26 PM (IST)

      Aligarh Live Update: स्वाइन फ्लू के 3 नए मरीज मिले

      अलीगढ़ जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 55 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि चार का घर पर उपचार चल रहा है और नौ मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। जिले में अब तक स्वाइन फ्लू से किसी की मौत नहीं हुई है। सीएमओ आरएन सिंह के अनुसार, अब तक 232 RT-PCR जांच की गई हैं और 103 लोगों का टीकाकरण कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी कर रहा है।

    • 20 Sep 2026 12:19 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: ड्यूटी पर तैनात SSB जवान को बाइक सवारों ने मारी टक्कर

      महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात SSB जवान को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। SSB निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने दो बाइक सवारों के खिलाफ BNS की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में बाइक सवारों पर नशे की हालत में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    • 20 Sep 2026 12:14 PM (IST)

      Agra Live Update: बाइक की टक्कर से महिला की मौत

      आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में बैनई-खांडा मार्ग के किनारे बकरियां चरा रही ठेकरी गांव की महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठी युवती भी गिरकर घायल हो गई। बाइक चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज न होने और युवती को छोड़ दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए करीब तीन घंटे तक हंगामा किया।

    • 20 Sep 2026 12:13 PM (IST)

      Kanpur Live Update: सामने से आई तेज रफ्तार कार को बचाने में खाई में पलटी UP-112 PRV

      कानपुर के बिल्हौर तहसील क्षेत्र के ककवन थाना अंतर्गत विशधन कस्बे में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। गश्त पर निकली UP-112 की PRV सामने से आ रही अनियंत्रित कार को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें ग्रामीणों ने वाहन से बाहर निकाला।

    • 20 Sep 2026 11:11 AM (IST)

      Muzaffarnagar Live Update: पुलिस मुठभेड़ में वाहन चोरी गैंग का वांछित बदमाश घायल

      मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में क्राउन स्कूल के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, वाहन चोरी गैंग में वांछित बिलाल उर्फ मंकी ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

    • 20 Sep 2026 11:11 AM (IST)

      Fatehpur Live Update: 29 वर्ष पुराने डकैत हमला मामले में अदालत का बड़ा फैसला

      फतेहपुर में 29 साल पुराने सिपाही हत्याकांड और पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में विशेष अदालत ने तीन डकैतों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। 29 वर्ष पूर्व गैंग ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें SI समेत 7 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

    • 20 Sep 2026 10:15 AM (IST)

      Muzaffarnagar Live Update: पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में वाहन चोरी गैंग का वांछित आरोपी घायल

      Muzaffarnagar Live Update: बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में क्राउन स्कूल के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में वाहन चोरी के गैंगस्टर मामले में वांछित बिलाल उर्फ मंकी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।

      बदमाश के कब्जे से एक बाइक और तमंचा-कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, बिलाल मेरठ का रहने वाला है और उसके खिलाफ चोरी व गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। सूचना मिलने पर सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

    • 20 Sep 2026 09:13 AM (IST)

      UP Election 2027 Live Update: पूर्वांचल में सीटों का नया गणित?

      लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंथन तेज होने की चर्चा है। संभावित फॉर्मूले में अपना दल (एस), निषाद पार्टी और सुभासपा को पूर्वांचल में करीब 50 से 55 सीटें दिए जाने की बात सामने आ रही है, जबकि पश्चिमी यूपी में रालोद को अधिकतम 20 सीटें देने का प्रस्ताव चर्चा में बताया जा रहा है।

       

    • 20 Sep 2026 09:12 AM (IST)

      देवरिया Live Update: जनता दर्शन की शिकायत पर मौके पर पहुंची टीम

      देवरिया: जनता दर्शन में मिली शिकायत के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम हरैया बसंतपुर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता गुंजमती देवी ने देवरिया-हाटा मार्ग चौड़ीकरण के दौरान गाटा संख्या 235 से मिट्टी निकाले जाने और बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की थी। टीम ने मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई।

    • 20 Sep 2026 09:12 AM (IST)

      UP Weather: यूपी से मानसून की विदाई शुरू

      उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने और 22 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क होने के आसार हैं। ऐसे में राज्य में मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, कुछ इलाकों में स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

      यहां पढ़ें पूरी खबर

      UP Breaking News: यूपी में आज क्या बदलेगा? मौसम से सियासत तक हर बड़ी खबर पर रहेगी नजर

Location :  Lucknow

Published :  20 September 2026, 9:09 AM IST