अखिलेश यादव के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, खरगे ने बताया भाजपा को हराने का रास्ता

यूपी में सीट बंटवारे पर खींचतान के बीच मल्लिकार्जुन खरगे ने सपा से गठबंधन जारी रखने का ऐलान किया। कांग्रेस नेताओं को आपसी विवाद से बचने की नसीहत दी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 November 2026, 9:00 AM IST
google-preferred

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को लखनऊ में खरगे ने साफ कर दिया कि सपा के साथ कांग्रेस का गठबंधन बना रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं को आपसी विवाद से बचने और गठबंधन में तालमेल बनाकर आगे बढ़ने की नसीहत दी।

अपनों से नहीं, विरोधियों से लड़ना है

संविधान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में खरगे ने कहा कि सपा के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हराना है। इसके लिए किसी भी नेता को अहंकार नहीं पालना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी लड़ाई से कांग्रेस जीत से दूर होगी। पार्टी नेताओं को एकजुट होकर राजनीतिक विरोधियों का मुकाबला करना चाहिए।

वोट चोरी का आरोप लगाकर भाजपा को घेरा

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर को कांग्रेस ने संविधान सभा में शामिल कराया था। संविधान ने सभी नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया, लेकिन भाजपा इस अधिकार को छीनने की कोशिश कर रही है। खरगे ने भाजपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी का आरोप भी लगाया।

उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह निडर होकर हर मोर्चे पर भाजपा को घेर रहे हैं।

यूपी की जनता ने रोका भाजपा का रथ

खरगे ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने 400 पार का नारा दिया था, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता ने संविधान की रक्षा के लिए उसके विजय रथ को रोक दिया।

करीब 47 मिनट के संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने महंगाई, बेरोजगारी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश को आज डर नहीं, बल्कि भरोसा और बराबरी का सम्मान चाहिए।

संविधान रक्षा मार्च में शामिल नहीं हुए खरगे

कार्यक्रम को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। हालांकि, संबोधन समाप्त होने के बाद खरगे संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए बिना पार्टी मुख्यालय से रवाना हो गए। इमरान मसूद भी मार्च में शामिल नहीं हुए।

पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच धक्का-मुक्की

प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में निकाले गए संविधान रक्षा मार्च को पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से करीब 100 मीटर की दूरी पर रोक दिया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रशासन की अनुमति के बिना मार्च निकालने पर पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।

Location :  Lucknow

Published :  27 November 2026, 9:00 AM IST

Advertisement