संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी हलचल तेज, मोदी कैबिनेट की अहम बैठक आज

संसद के विशेष सत्र से पहले पीएम मोदी ने आज अहम कैबिनेट बैठक बुलाई है। परिसीमन और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण विधेयक पर महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 November 2026, 8:51 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुलाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है। बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच सरकार एक बार फिर संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी कर सकती है।

दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी बैठक

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक शुक्रवार दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में होगी। सभी केंद्रीय मंत्रियों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए सूचना भेजी गई है। माना जा रहा है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े पिछले विधेयकों में कुछ संशोधन कर सकती है।

महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।

मंत्रियों को दिल्ली में रहने के निर्देश

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में मंत्रियों को संकेत दिया था कि सरकार जल्द ही संसद का सत्र बुला सकती है। इसके मद्देनजर उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों से अगले कुछ दिनों तक उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर की यात्राएं टालने को कहा था।

अप्रैल में बहुमत नहीं जुटा पाई थी सरकार

केंद्र सरकार ने अप्रैल में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था। हालांकि, सरकार इसके लिए जरूरी दो तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सकी थी। विधेयक के समर्थन में 298 सांसदों ने मतदान किया था, जबकि 234 सांसदों ने इसके विरोध में वोट दिया था।

बदल गए लोकसभा के सियासी समीकरण

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट से लोकसभा के राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। टीएमसी के 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं।

वहीं, शिवसेना यूबीटी के छह लोकसभा सदस्य भी एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो चुके हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन बदलावों के बाद भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के पास 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है।

शरद पवार और द्रमुक की भूमिका होगी अहम

शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पास आठ और द्रमुक के पास 22 लोकसभा सदस्य हैं। यदि दोनों दल परिसीमन के मुद्दे पर सरकार का समर्थन करते हैं तो राजग के पक्ष में सांसदों की संख्या 349 तक पहुंच सकती है।

ऐसे में सभी की निगाहें मोदी कैबिनेट की बैठक और विपक्षी दलों के अगले कदम पर टिकी हैं। हालांकि, संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो तिहाई बहुमत का वास्तविक आंकड़ा सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या पर निर्भर करेगा।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 8:51 AM IST

Advertisement