
Saharanpur: सहारनपुर के सरसावा जनपद में मंगलवार सुबह कौशिक विहार कॉलोनी में एक किराए के मकान में पांच लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से एक तमंचा बरामद किया है। प्रथम दृष्टया मामला सामूहिक आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन हत्या की संभावना को भी पूरी तरह से खारिज नहीं किया गया है। फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रहे हैं।
मृतकों में संग्रह अमीन अशोक (40), उनकी पत्नी अंजिता (35), मां विद्यावती (70) और दो बेटे कार्तिक (16) व देव (13) शामिल हैं। सभी के शव अपने-अपने बिस्तरों पर पड़े मिले। शुरुआती जांच में पिता की कनपटी और अन्य चार सदस्यों के माथे पर गोली के निशान पाए गए हैं।
अशोक की बहन पिंकेश, जो सरसावा के सावन विहार में रहती हैं, मंगलवार सुबह भाई को फोन किया। कॉल रिसीव नहीं होने पर उन्हें शक हुआ। वह अपने बेटे प्रीत के साथ भाई के घर पहुंचीं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी प्रकार दरवाजा खोलने के बाद अंदर का दृश्य देखकर वे हैरान रह गईं और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
देवरिया में लापरवाही ने छीनी एक और जवान जिंदगी, यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, अशोक राठी मूल रूप से गांव खारीबांस के निवासी थे और पिछले दो साल से कौशिक विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे। उनके पिता सुरेंद्र राठी तहसील में संग्रह अमीन थे। उनके निधन के बाद अशोक को मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी।
पड़ोसियों का कहना है कि यह परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से विवाद नहीं करता था। कार्तिक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था, जबकि देव MTS पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ रहा था। यह परिवार हमेशा मिलनसार और सभ्य माना जाता था। ऐसे में उनके साथ हुई घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
रामगढ़ ताल पर सियासत गरमाई: मछलियों की मौत पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, 21 जनवरी को उपवास का ऐलान
एसएसपी सहारनपुर आशीष तिवारी ने बताया कि पांचों मृतक एक ही कमरे में पाए गए। अशोक राठी के पास तीन कंट्री मेड पिस्टल बरामद हुए हैं, जो लाइसेंसी नहीं हो सकते। प्रारंभिक जांच में गोली नजदीक से मारी गई प्रतीत होती है। फॉरेंसिक टीम मुआयना कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में आत्महत्या और हत्या दोनों के संभावित एंगल को देखा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले को लेकर तफ्तीश जारी है।
अशोक का परिवार स्थानीय लोगों के बीच शांत और मिलनसार परिवार के रूप में जाना जाता था। उनके अचानक इस तरह से चले जाने से पड़ोसियों में शोक और भय का माहौल है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और जल्द ही जांच में नई जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
Location : Saharanpur
Published : 20 January 2026, 11:41 AM IST