‘नीरज… ओ नीरज…’ आवाज देती रही मां, अंदर का मंजर देख कांप उठी रूह, महराजगंज के सिंदुरिया गांव से दिल दहला देने वाली खबर

महराजगंज के सिंदुरिया गांव में 20 वर्षीय युवक का शव घर की छत पर बने कमरे में पंखे से लटका मिला। सुबह मां ने खिड़की से झांककर शव देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Maharajganj: महराजगंज के सिंदुरिया गांव में शनिवार सुबह 20 वर्षीय नीरज शर्मा का शव छत के कमरे में पंखे से लटका मिला। सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर मां ने जब खिड़की से देखा, तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में चीख-पुकार मच गई।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार सिंदुरिया निवासी नीरज शर्मा (20) पुत्र जयप्रकाश शर्मा शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद रोज की तरह घर की छत पर बने कमरे में सोने चला गया था। शनिवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो उसकी मां शीला देवी उसे जगाने के लिए छत पर पहुंचीं।

ये भी पढ़ें - Maharajganj News: भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने दिखाई ताकत

कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर मां ने खिड़की पर लगी प्लास्टिक की पन्नी हटाकर अंदर देखा तो नीरज का शव पंखे से चादर के फंदे के सहारे लटका मिला। यह देखते ही मां की चीख निकल गई। बहन इंदु समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और घर में कोहराम मच गया। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर तुरंत पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट और अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता जयप्रकाश शर्मा पुणे में और बड़ा भाई हैदराबाद में नौकरी करते हैं। घटना की सूचना दोनों को दे दी गई है और उनके घर लौटने का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: दिमाग की बत्ती और ज्ञान की जंग, मदर मरियम ग्लोबल स्कूल के इन दो धुरंधरों ने जीती GK क्विज़ ट्रॉफी

मामले की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  11 July 2026, 7:17 PM IST

Advertisement