हिंदी
प्रतापगढ़ के दिनेश प्रताप सिंह (Img- Facebook)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक फेरबदल को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने पदाधिकारियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। पार्टी आलाकमान ने कुल 62 चेहरों को संगठन में अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस नई सूची में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 19 मंत्री, 6 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री, 1 मुख्य प्रवक्ता, 2 मीडिया संयोजक और 6 मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई है।
इस सूची में कई चर्चित चेहरों को जगह मिली है, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह, पूजा पाल और पूर्व मंत्री सुरेश राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश भाजपा का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
उत्तर प्रदेश की सियासत में दिनेश प्रताप सिंह एक जाना-माना और कद्दावर नाम हैं। दिनेश भाजपा के भीतर एक अत्यंत शालीन, ऊर्जावान और जमीन से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता है। कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच उनकी गहरी पैठ है। संगठन में उनकी पकड़ काफी मजबूत मानी जाती है। इससे पूर्व भी वह कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया का काम देख चुके हैं। इसके अलावा, वह भारत सरकार के नेहरू युवा केंद्र संगठन (NYKS) के उपाध्यक्ष के रूप में राज्य मंत्री का दर्जा भी प्राप्त कर चुके हैं। उनके इसी विस्तृत अनुभव का लाभ अब उत्तर प्रदेश भाजपा को मिलेगा।
दिनेश प्रताप सिंह की इस नियुक्ति पर स्थानीय वरिष्ठ नेताओं और प्रबुद्ध वर्ग का कहना है कि उनके मुख्य प्रवक्ता बनने से पूरे प्रतापगढ़ जिले का गौरव बढ़ा है। एक जमीनी और संघर्षशील नेता होने के कारण वह आम जनता की समस्याओं और सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से सामने रख पाएंगे। अब वह विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय टीवी चैनलों की डिबेट्स, प्रेस वार्ताओं और अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक मंचों पर आधिकारिक रूप से उत्तर प्रदेश भाजपा का मजबूत पक्ष और नीतियां जनता के सामने रखेंगे।
दिनेश प्रताप सिंह ने खोला विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड, इन अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जैसे ही दिनेश प्रताप सिंह को यूपी बीजेपी का मुख्य प्रवक्ता बनाए जाने की आधिकारिक खबर प्रतापगढ़ और उनके गृह क्षेत्र पट्टी पहुंची, वैसे ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पट्टी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इकट्ठा होकर जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इस खुशी के मौके पर भाजपा के सह-मीडिया प्रभारी आशीष खंडेलवाल, विनोद पांडे बबलू, हरिकेश आचार्य, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता के प्रतिनिधि विष्णु, नवीन खंडेलवाल और आलोक सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Location : Lucknow
Published : 25 June 2026, 1:34 PM IST