36 हजार करोड़ का गंगा एक्सप्रेसवे पानी में डूबा, सड़क पर दरारें; ग्रामीणों ने जाल डालकर पकड़ी मछलियां

जिस एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार गाड़ियां दौड़ती हैं, वहां बारिश के बाद ऐसा नजारा दिखा कि लोग हैरान रह गए। कई हिस्सों में पानी भर गया और ग्रामीण सड़क पर ही जाल डालकर मछली पकड़ते नजर आए। इसी बीच सड़क में दरारें आने से भी चिंता बढ़ गई।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 27 September 2026, 8:04 PM IST
google-preferred

Unnao: उत्तर प्रदेश के जनपद उन्नाव में भारी बारिश के चलते गंगा एक्सप्रेसवे का हाल बेहाल हो गया है। कई हिस्सों में भारी जलभराव के बीच सर्विस लेन पर पानी में उतरे ग्रामीणों का मछली पकड़ते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। स्थिति की गंभीरता तब और बढ़ गई जब सराय कटियन गांव के पास एक्सप्रेसवे पर करीब 20 मीटर लंबी और गहरी दरारें भी सामने आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जलभराव वाले क्षेत्र से ग्रामीणों को हटाया, जबकि निर्माण एजेंसी हालात को सुधारने में जुटी है।

गंगा एक्सप्रेसवे पर कई जगह जलभराव

भारी बारिश के कारण उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों में पानी भर गया है। करीब 36 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के दही क्षेत्र में सोनिक और बशारतगंज टोल प्लाजा के आसपास जलभराव की स्थिति बनी हुई है। शनिवार को सर्विस रोड पर करीब तीन फीट तक पानी जमा होने की बात सामने आई। रातभर हुई बारिश के कारण रविवार सुबह भी हालात में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। जलभराव कम करने के लिए निर्माण एजेंसी की ओर से पंप और दूसरी मशीनरी लगाई गई।

ये भी पढ़ें: Unnao Crime: “भैया, आपने मेरी पत्नी को गाली क्यों दी…” इतना सुनते ही बौखला गया भाई, हंसिया उठाकर किया ऐसा हमला, मौके पर ही मौत

एक्सप्रेसवे पर ग्रामीणों ने डाले जाल

जलभराव के बीच एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर ग्रामीणों का अलग ही नजारा देखने को मिला। करीब आधा किलोमीटर क्षेत्र में जमा पानी में मछलियां दिखाई देने के बाद कुछ ग्रामीण जाल लेकर पहुंच गए। ग्रामीणों को पानी में जाल डालकर मछली पकड़ते हुए देखा गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस की पीआरवी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को जलभराव वाले क्षेत्र से बाहर किया। पुलिस ने उन्हें एक्सप्रेसवे से दूर रहने के निर्देश दिए।

सड़क में करीब 20 मीटर लंबी दरार

भारी बारिश का असर एक्सप्रेसवे की सड़क पर भी दिखाई दिया। दही क्षेत्र में सराय कटियन गांव के पास करीब 20 मीटर लंबी और आठ इंच गहरी दरार दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि सड़क के किनारे पानी के तेज बहाव से मिट्टी का कटाव हुआ। इससे रेन कट बना और बाद में सड़क के हिस्से में दरार आ गई। प्रभावित स्थान पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई है।

एक महीने से चल रहा था मरम्मत का काम

सराय कटियन गांव के पास सड़क के इस हिस्से में पिछले करीब एक महीने से मरम्मत का काम चल रहा था। इसके बावजूद लगातार बारिश के कारण पानी के बहाव से मिट्टी का कटाव जारी रहा। दरार सामने आने के बाद निर्माण एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने स्थिति का जायजा लिया और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रभावित हिस्से के आसपास बैरिकेड्स लगाए। इसके साथ ही मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया।

सोनिक टोल पर एग्जिट बंद, लगा जाम

जलभराव के कारण सोनिक टोल प्लाजा पर प्रयागराज से उन्नाव की ओर आने वाले ट्रैफिक का टोल एग्जिट बंद रखा गया। इसके चलते प्रयागराज और हरदोई के बीच जाने वाले वाहनों को बशारतगंज टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ा। टोल व्यवस्था में बदलाव के कारण वाहनों को अपनी बारी के लिए रुकना पड़ा। इससे टोल प्लाजा के आसपास लगातार जाम की स्थिति बनी रही।

बारिश के बाद बड़े स्तर पर होगी मरम्मत

निर्माण एजेंसी पटेल इंफ्रा के अधिकारी आरएस मिश्रा के अनुसार, फिलहाल जलभराव वाले हिस्से से पानी निकालने का काम किया जा रहा है। इसके लिए कई ट्रैक्टर और पंप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सोनिक टोल प्लाजा के पास बड़े स्तर पर मरम्मत कराई जाएगी। भविष्य में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए भी जरूरी काम किए जाने की योजना है। अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा जलभराव की एक वजह क्षेत्र की ऊबड़-खाबड़ जमीन भी है।

ये भी पढ़ें: Unnao Power Crisis: आंधी-बारिश के बाद ठप हुई बिजली, ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव और ग्रामीणों के मछली पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ यूजर्स ने वीडियो के साथ एक्सप्रेसवे की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल संबंधित एजेंसी जल निकासी और सड़क की मरम्मत के काम में जुटी है।

Location :  Unnao

Published :  27 September 2026, 8:04 PM IST

Advertisement