Unnao Power Crisis: आंधी-बारिश के बाद ठप हुई बिजली, ट्रांसफार्मर न बदलने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

उन्नाव के कई गांवों में आंधी-बारिश के बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। देवीदयाल खेड़ा में नौ दिन से बिजली गुल है, जबकि कपूरपुर में नया ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जल्द समाधान की मांग की है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 June 2026, 8:36 AM IST
google-preferred

Unnao: उन्नाव जिले में पिछले सप्ताह आई आंधी और बारिश के बाद बिगड़ी बिजली व्यवस्था अभी तक पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी है। जिले के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

बिजली न होने से बढ़ीं लोगों की मुश्किलें

लगातार बिजली गुल रहने के कारण लोगों को रातें अंधेरे में बितानी पड़ रही हैं। मोबाइल फोन चार्ज न होने से संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा पीने के पानी की व्यवस्था और अन्य दैनिक कार्यों में भी बाधा आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

देवीदयालखेड़ा में नौ दिन से बिजली आपूर्ति ठप

मौरावां क्षेत्र के देवीदयालखेड़ा गांव में 25 मई को आई आंधी और बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद है। नौ दिन बीत जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। बुधवार को गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया और जल्द बिजली बहाल करने की मांग की।

आधी रात काल बनी ड्राइवर की झपकी: उन्नाव में रेलिंग पर लटकी बेकाबू बस, नीचे गिरने से कई यात्री लहूलुहान

महिलाओं ने उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन

प्रधानपति शहनवाज के नेतृत्व में साधना, संतोष, रामावती, कुसमा, प्रीती, पूनम, सुमिता, रीना, रन्नो देवी और सरोजनी समेत कई महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अवर अभियंता बसंतलाल को अपनी समस्या बताई और जल्द समाधान की मांग की। इस पर अवर अभियंता ने वर्कशॉप से नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।

कपूरपुर में नया ट्रांसफार्मर भी हुआ खराब

गंजमुरादाबाद क्षेत्र के कपूरपुर गांव में 28 मई को बिजली गिरने से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद गांव की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। ग्रामीणों के लगातार प्रयास के बाद 2 जून को नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन कर्मचारियों के लौटते ही वह भी खराब हो गया। इससे गांव में बिजली संकट और गहरा गया है।

उन्नाव रेप केस में कुलदीप सेंगर को बड़ा झटका! सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया राहत वाला आदेश, हाई कोर्ट को दिया 60 दिनों का समय

ग्रामीणों ने 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई

गांव के जाबिर अली, जब्बार खां, फैजान अली, वसीम खां, राम सिंह कटियार, वीर बहादुर, श्रीकांत, कैलाश, जमाल और श्रीकृष्ण सहित कई ग्रामीणों ने 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा क्षमता का ट्रांसफार्मर गांव की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा है। जेई कमलेश कुमार ने बताया कि जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।

Location :  Unnao

Published :  4 June 2026, 8:36 AM IST

Advertisement