Ghaziabad News: जेसीबी से खुदाई बनी मौत का कारण! मिट्टी में दबकर दो मजदूरों ने तोड़ा दम

गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में स्कूल निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नींव की खुदाई करते समय मिट्टी की ढांग गिरने से दो मजदूर दब गए, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 26 May 2026, 7:05 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों की जिंदगी छीन ली। वेव सिटी थाना क्षेत्र के सनसिटी इलाके में निर्माणाधीन स्कूल की नींव खोदते समय अचानक मिट्टी की भारी ढांग भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते वहां काम कर रहे दो मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

नेहरू वर्ल्ड स्कूल में चल रहा था निर्माण कार्य

जानकारी के अनुसार, वेव सिटी थाना क्षेत्र स्थित सनसिटी में नेहरू वर्ल्ड स्कूल का निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार दोपहर जेसीबी मशीन से नींव की खुदाई की जा रही थी। उसी दौरान वहां काम कर रहे मजदूर अचानक मिट्टी धंसने की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मिट्टी की ढांग इतनी तेजी से गिरी कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

यूपी में बिजली संकट से हाहाकार, गाजियाबाद-मेरठ के अधिकारी सस्पेंड, सीएम योगी का हाई लेवल मीटिंग आज

मिट्टी में दबने से गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूर और कर्मचारी बचाव कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मिट्टी से बाहर निकाला गया। उस समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी। दोनों घायलों को तुरंत मणिपाल हॉस्पिटल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सूरज (35) और रामजीलाल (55) निवासी गांव कांसदा, थाना सिबरी नारायण, जिला जांजगीर छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। दोनों मजदूर रोजी-रोटी कमाने के लिए गाजियाबाद में मजदूरी कर रहे थे।

दिल्ली से हापुड़-मुरादाबाद जाने वाले ध्यान दें! पहले ये खबर जरूर देख लीजिए… गाजियाबाद में फंस सकते हैं

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग छत्तीसगढ़ से गाजियाबाद आने की तैयारी कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Location :  Ghaziabad

Published :  26 May 2026, 7:05 PM IST