उधर मम्मी घर पर करती रही इंतजार, इधर 2 बेटों की हो गई मौत, बदायूं में पलक झपकते उजड़ गए दो परिवार

बदायूं के सहसवान-कछला रोड पर डोरीलाल चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 September 2026, 9:06 PM IST

Budaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में रफ्तार का कहर देखने को मिला। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के कछला रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दो ने दम तोड़ दिया।

डोरीलाल चौराहे के पास हुई जोरदार भिड़ंत

जानकारी के मुताबिक, हादसा सहसवान-कछला रोड पर डोरीलाल चौराहे के पास हुआ। गांव गंगापुर निवासी प्रताप (22) पुत्र अमर सिंह और संजीव (20) पुत्र रामदास बाइक से कछला की तरफ से सहसवान की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी तरफ गांव बड़ेरिया निवासी विनेश (25) पुत्र मलखान और मलखान (60) पुत्र रोहन बाइक से सहसवान से कछला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज, बाइक के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद चारों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सहसवान कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान पहुंचाया।

इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम

अस्पताल में उपचार के दौरान गंगापुर निवासी प्रताप और बड़ेरिया निवासी मलखान की मौत हो गई। वहीं विनेश और संजीव की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।

परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मामला दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर का बताया जा रहा है।

Location :  Budaun

Published :  20 September 2026, 9:05 PM IST