UP News: नकब लगाकर किसान के घर से 20 बकरियां चोरी, बेटी की शादी से पहले टूटा सहारा

फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के लहुरीसराय गांव में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक किसान के घर में दीवार काटकर 20 बकरियां चोरी कर लीं। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। पीड़ित किसान अपनी बेटी की शादी के लिए इन बकरियों को बेचने वाला था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 4 February 2026, 1:40 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। जहानाबाद थाना क्षेत्र के लहुरीसराय गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने किसान की कच्ची कोठरी की दीवार काटकर नकब लगाई और अंदर बंधी 20 बकरियां चोरी कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया।

Mainpuri News: मेहनत के पैसे मांगे तो लगाया चोरी का आरोप, दलित महिला ने SP से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित किसान अवधेश प्रजापति ने बताया कि उन्होंने अपनी कुल 53 बकरियों को घर के पास बनी कच्ची कोठरी में बांध रखा था। रात करीब चार बजे बकरियों के तेज मिमियाने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। जब वे बाहर पहुंचे तो देखा कि कोठरी का दरवाजा अंदर से बंद है, लेकिन पीछे की दीवार में बड़ा छेद किया गया है।

बेटी की शादी की तैयारी पर फिरा पानी

कोठरी के अंदर बंधी 14 बकरियां और 6 बकरी के बच्चे चोरी हो चुके थे। अवधेश प्रजापति के अनुसार, कुछ ही दिनों बाद उनकी बेटी की शादी होनी है और उन्होंने इन्हीं बकरियों को बेचकर शादी का खर्च जुटाने की योजना बनाई थी। इस चोरी ने परिवार की आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित किया है।

पीड़ित किसान का कहना है कि यह घटना सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि मानसिक आघात भी है। बेटी की शादी को लेकर परिवार पहले से ही चिंतित था, ऐसे में इस वारदात ने चिंता को और बढ़ा दिया है। गांव के अन्य किसान भी इस घटना से सहमे हुए हैं, क्योंकि पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों जांच-पड़ताल की। थाना प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आसपास के इलाकों में चोरों की तलाश की जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

Gorakhpur: घर के सामने शराब पीने से मना करना पड़ा भारी, दबंगों ने परिवार का किया बुरा हाल

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त न के बराबर होती है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। किसान के घर से इस तरह बड़ी संख्या में बकरियों की चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

 

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 4 February 2026, 1:40 PM IST