Kannauj News: एक झपकी और मच गया मौत का तांडव! ट्रेलर में पीछे से घुसी बस, एक यात्री की मौत

कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसा तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के लोहामढ़ गांव के पास हुआ। बस दिल्ली से लखनऊ जा रही थी और उसमें चालक-स्टाफ समेत 49 यात्री सवार थे। हादसे में आठ यात्री घायल हुए, जिनमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 August 2026, 1:23 PM IST
google-preferred

Kannauj: कन्नौज में शुक्रवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों में चीख-पुकार मचा दी। दिल्ली से लखनऊ जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसा तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के लोहामढ़ गांव के पास हुआ।

दिल्ली से लखनऊ जा रही थी बस

बताया गया है कि बस दिल्ली से लखनऊ जा रही थी। बस में चालक और स्टाफ समेत कुल 49 लोग सवार थे। सफर के दौरान सुबह के वक्त चालक को अचानक झपकी आ गई। कुछ ही पल में बस अनियंत्रित हुई और आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कई यात्री चोटिल हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

इलाज के दौरान अंकित मिश्रा की मौत

हादसे में गंभीर रूप से घायल लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार, आलमनगर निवासी 40 वर्षीय अंकित मिश्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और उन्होंने दम तोड़ दिया। अंकित की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दे दी।

स्कॉलरशिप न आने से भड़के छात्र, कन्नौज के इंजीनियरिंग कॉलेज में धरने पर बैठे, लिखित आश्वासन की शर्त पर अड़े

गंभीर हालत में एक घायल लखनऊ रेफर

हादसे में लखनऊ के सहादतगंज निवासी 37 वर्षीय सैयद भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। इसके अलावा हादसे में आलमबाग निवासी 42 वर्षीय अभिषेक, सुल्तानपुर के कादीपुर निवासी 38 वर्षीय विजय, लखनऊ के सहादतगंज निवासी 28 वर्षीय अब्बास और बादशाह नगर निवासी 46 वर्षीय राजेश घायल हुए हैं।

चालक को झपकी आने की वजह से हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की सबसे बड़ी वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है। सुबह के समय बस चालक को नींद की झपकी आने से बस अचानक अनियंत्रित हो गई और वह ट्रेलर से जा टकराई। एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

विवाद सुलझाने पहुंचे सिपाही पर बरसे लात-घूंसे, कन्नौज में 12 आरोपी गिरफ्तार, बाजार में निकलवाया पैदल मार्च

पुलिस ने परिजनों को दी सूचना

तिर्वा कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया था। इलाज के दौरान एक यात्री की मौत हुई है, जबकि एक घायल को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

Location :  Kannauj

Published :  21 August 2026, 1:23 PM IST

Advertisement