हिंदी
कन्नौज में खाकी पर हमला (Img: Dynamite News)
Kannauj: दुकानदार और ग्राहक के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे सादी वर्दी के सिपाही पर युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि सिपाही को दुकान के अंदर पीटने के बाद आरोपी उसे करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर मारते रहे। मारपीट में सिपाही के मुंह और नाक से खून निकल आया। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा है।
मंगलवार शाम तिर्वा-कन्नौज रोड स्थित बाबा साइकिल स्टोर पर दुकानदार और दुर्गानगर निवासी ग्राहक पप्पू के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान सादी वर्दी में जा रहे सिपाही हर्ष ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि ग्राहक पक्ष ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 30 से अधिक लोग मौके पर पहुंच गए और सिपाही से मारपीट शुरू कर दी। सिपाही ने अपना परिचय दिया, लेकिन आरोपी नहीं माने। जान बचाकर भागे सिपाही को आरोपियों ने दौड़ाकर पीटा। सूचना पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया।
ये भी पढ़ें - Kannauj News: ऊपर खाद, अंदर 40 लाख की शराब! चंडीगढ़ से बिहार जा रहा था ट्रक, रास्ते में खुल गया राज
कस्बा इंचार्ज ज्ञानेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आशीष पुत्र अजय कुमार, अमित पुत्र श्याम कुमार, अरविंद पुत्र मुन्नालाल, अजय पुत्र रामविलास, राहुल पुत्र मुन्नालाल, सूरज पुत्र होरीलाल, छोटू उर्फ सोनू पुत्र विजय कुमार, अभिषेक पुत्र रामबाबू उर्फ पप्पू, रामबाबू उर्फ पप्पू पुत्र मचलू, गुरुवचन उर्फ ज्ञानी पुत्र रामसरन, दीपक पुत्र चुन्नीलाल और जगदीश पुत्र छोटेलाल को गिरफ्तार किया। इसके अलावा विनीत पुत्र अजय कुमार (16 वर्ष) को बाल अपचारी के रूप में पकड़ा गया।
ये भी पढ़ें - Kannauj: एक्सप्रेस ट्रेन के सामने अचानक पहुंची युवती, फिर जो हुआ उसने सबको झकझोर दिया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को ठठिया रोड चौराहे से पैदल जुलूस के रूप में कस्बे के प्रमुख मार्ग से होते हुए मुन्ना होटल के पास तक ले गई। इसके बाद आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।
Location : Kannauj
Published : 19 August 2026, 6:27 PM IST
Topics : crime news kannauj news Kannauj Police UP News UP Police