रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में खेत की रखवाली करते हुए मचान पर सो रहे युवक की राख लदे डंपर के नीचे दबकर मौत हो गई। शादी से पहले युवक की मौत से गांव और परिवार में मातम पसरा है।

मृतक का फाइल फोटो
Raebareli: मौत कब, कहां और किस रूप में आ जाए, कोई नहीं जानता। रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया। अपने खेत की रखवाली करते हुए मचान पर चैन की नींद सो रहा एक युवक अचानक मौत की नींद सो गया। राख से लदा एक अनियंत्रित डंपर खेत में पलटा और युवक उसके नीचे दब गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है।
करसेनी गांव में दर्दनाक हादसा
यह हादसा रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के करसेनी मजरे अरखा गांव में सोमवार देर रात हुआ। गांव के निवासी अनिल कुमार पाल अपने खेतों की रखवाली के लिए वहां बने मचान पर सो रहे थे। रात का सन्नाटा था और सड़क से गुजर रहे भारी वाहनों की आवाजें आम बात थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि एक वाहन मौत बनकर खेत में उतर आएगा।
राख लदा डंपर पलटा
जानकारी के मुताबिक एनटीपीसी की अरखा ऐश डाईट से राख लादकर एक डंपर करसेनी गांव के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक ने अचानक वाहन पर नियंत्रण खो दिया। डंपर लड़खड़ाता हुआ सीधे खेत में जा पलटा। दुर्भाग्य से मचान पर सो रहे अनिल कुमार पाल उसी की चपेट में आ गए। भारी डंपर के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शादी से पहले टूटा सपना
हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अनिल कुमार पाल की शादी तय हो चुकी थी और अप्रैल महीने में घर में शहनाई बजने वाली थी। वे एनटीपीसी में दैनिक श्रमिक के रूप में काम करते थे और परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। शादी की तैयारियों के सपने संजो रहा परिवार अब गहरे सदमे में है। मां-बाप, भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना की खबर फैलते ही करसेनी मजरे अरखा गांव में सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया। लोगों का कहना है कि राख से लदे भारी डंपर गांव के रास्तों से तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही ऊंचाहार कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार सुबह कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।