
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Google)
Bareilly: बरेली जिले के नवाबगंज क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का खतरनाक खेल लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। बरखन मार्ग स्थित एक मोटर गैराज के बेसमेंट में 18 अप्रैल को हुए भीषण अग्निकांड में झुलसे किशोरों में से शुक्रवार को तीसरे किशोर की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पहचान साहिल रजा (15) के रूप में हुई है, जो कई दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा था।
इससे पहले दो अन्य किशोर अजीत और अर्शिल भी गंभीर जलने के कारण दम तोड़ चुके हैं। अब केवल फरमान नामक किशोर अस्पताल में भर्ती है, जिसकी हालत अभी भी बेहद नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों देखने को मिल रहा है।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोटर गैराज के बेसमेंट में लंबे समय से अवैध तरीके से गैस सिलेंडर रिफिलिंग का काम किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि पुलिस और प्रशासन की नजर से बचने के लिए यह पूरा कारोबार बंद बेसमेंट में किया जाता था।
औरैया में टैक्स चोरी का बड़ा खुलासा! फर्जी फर्म बनाकर चला रहे थे करोड़ो का खेल… पढे़ं पूरी खबर
घटना वाले दिन भी सिलेंडरों में गैस भरने का काम चल रहा था। जानकारी के अनुसार चारों किशोरों को सिलेंडर उठाकर ईको गाड़ी में रखने के लिए बुलाया गया था। जैसे ही वे सिलेंडर उठाने लगे, अचानक गैस लीक होने लगी। कुछ ही सेकंड में एक चिंगारी ने पूरे बेसमेंट को आग की लपटों में बदल दिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि किशोरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। चारों बुरी तरह झुलस गए। इस दौरान गैराज मालिक महावीर भी आग की चपेट में आकर घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे ने कई परिवारों की जिंदगी बदल दी है। मृतक अजीत के पिता देवेंद्र कुमार फर्नीचर का काम करते हैं और बेटा छोटी उम्र में ही घर की जिम्मेदारी संभालने में मदद करता था। बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। साहिल रजा और अर्शिल के परिवारों में भी मातम पसरा हुआ है।
पीड़ित परिवारों ने गैराज मालिक पर गंभीर लापरवाही और अवैध गतिविधियों का आरोप लगाया है। मामले में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। अवैध गैस रिफिलिंग के नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
नैनीताल में आदमखोर का खौफ! बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल बंद, कई इलाकों में अलर्ट जारी
घटनास्थल पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में गैराज मालिक या अन्य लोगों की लापरवाही साबित होती है तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध कारोबारों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद तीन मासूम जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।
Location : Bareilly
Published : 25 April 2026, 12:25 AM IST
Topics : Bareilly Fire Incident bareilly news Bareilly Police Gas cylinder Blast Illegal gas refilling