रायबरेली में शारदा नहर से मिले तीन शव, महिला समेत तीन लोगों की लाश मिलने से सनसनी

बछरावां क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हरदोई गांव के पास शारदा नहर में एक साथ तीन शव उतराते दिखाई दिए। इनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 15 May 2026, 2:06 PM IST
google-preferred

Raebareli: रायबरेली जिले के बछरावां क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हरदोई गांव के पास शारदा नहर में एक साथ तीन शव उतराते दिखाई दिए। इनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को नहर से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नहर में बहते दिखे तीन शव

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने हरदोई गांव के पास शारदा नहर में शव देखे। पहले लोगों को एक शव दिखाई दिया, लेकिन ध्यान से देखने पर वहां एक महिला और दो पुरुषों के शव एक साथ नजर आए। यह खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बछरावां और शिवगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से नहर में अस्थायी बांध बनवाकर शवों को बाहर निकलवाया।

Raebareli News: पूर्व विधायक के घर के सामने आग का गोला बना ट्रक, हाईवे पर लगा जाम

अर्धनग्न हालत में मिले शव

पुलिस के मुताबिक तीनों शवों के आधे शरीर पर  कपड़े  थे, जो काफी पुराने प्रतीत हो रहे हैं। शवों की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे कई दिनों से पानी में उतरा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार एक पुरुष की उम्र करीब 50 वर्ष, दूसरे की लगभग 40 वर्ष और महिला की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।

तीनों शवों की हालत देखकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे हादसा मान रहे हैं, जबकि कई लोग हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।

Raebareli News: BSF जवान के माता-पिता से लूट, जेवर और नगदी लेकर फरार हुए बदमाश

पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने मौके पर आसपास के लोगों से शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही आसपास के जिलों के थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Raebareli

Published :  15 May 2026, 2:04 PM IST

Advertisement