हिंदी
पीड़ित शंभू देवी
Raebareli: रायबरेली जिले के बछरावां थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने बीएसएफ जवान के माता-पिता को असलहे के बल पर रोककर उनसे नगदी और जेवर लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बछरावां थाना क्षेत्र के दूलमपुर गांव निवासी संतराम और उनकी पत्नी शंभू देवी किसी निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुंदनगंज स्थित अटरा मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने असलहा दिखाकर दंपति को डराया और फिर लूटपाट शुरू कर दी।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, बदमाश गले की चेन, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी और नगदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि दंपति को संभलने का मौका तक नहीं मिला। शंभू देवी ने बताया कि बदमाश बेहद आक्रामक थे और उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर जेवर उतरवा लिए।
गोरखपुर: राह चलते युवक से 77 हजार की लूट का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। इलाके में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
लूट की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान के लिए कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस आसपास के मार्गों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। वहीं पीड़ित परिवार घटना के बाद काफी डरा हुआ है।
सपनों का घर दिखाकर खेला करोड़ों का खेल, CBI ने बिल्डर पर कसा शिकंजा
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस घटना ने इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Raebareli
Published : 7 May 2026, 5:27 PM IST
Topics : Bachhrawan Breaking News raebareli news robbery up crime