
मृतक की फाइल फोटो (Img: Dynamite News)
Bareilly: यूपी के बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक, जिसकी उसी दिन बरात जानी थी, उसका शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान देवेंद्र मौर्य (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शाही कस्बे के सुभाषनगर मोहल्ले का रहने वाला बताया था।उसकी शादी रिठौरा क्षेत्र के उद्धानापुर गांव में तय हुई थी और शनिवार को ही बरात जानी थी।
परिवार के मुताबिक शुक्रवार को लग्न का कार्यक्रम धूमधाम से हुआ।देर रात तक डीजे पर नाच-गाना चलता रहा। पड़ोसियों की आपत्ति के बाद डीजे को गेट के पास शिफ्ट किया गया। रात करीब 2 बजे तक जश्न चलता रहा। इसके बाद देवेंद्र अपने बहनोई और रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया, लेकिन अगली सुबह जो खबर आई, उसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
शनिवार सुबह लोगों ने सूचना दी कि देवेंद्र का शव साप्ताहिक बाजार में एक आम के पेड़ से लटका हुआ है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर जो देखा, उसने कई सवाल खड़े कर दिए। शव करीब 6 फुट ऊंचाई पर पतली रस्सी से बंधा था। मगर, पैर जमीन से लगे हुए और मुड़े हुए थे, और हाथों में मेहंदी और शादी का कंगन मौजूद था। हाल ही में खरीदा गया शादी का कोट-पैंट भी घर पर था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इतनी कम ऊंचाई और इस स्थिति में आत्महत्या संभव नहीं लगती।
मृतक के पिता रामदास मौर्य ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उसे मारकर पेड़ से लटकाया गया है। देवेंद्र अपने परिवार में सबसे छोटा था और मेहनत मजदूरी कर घर का सहारा बना हुआ था।
Bareilly: अब 29.48 लाख वोटर, ढाई लाख मतदाता बढ़े
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। थाना अध्यक्ष ने बताया कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Location : Budaun
Published : 25 April 2026, 2:27 PM IST
Topics : Budaun News crime news up crime UP News