हिंदी
खाघ विभाग का छापा
फतेहपुर: जिले में आमजन को सुरक्षित एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिलाधिकारी फतेहपुर के आदेश के अनुपालन में 15 से 20 मई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इसी क्रम में मंगलवार को सहायक आयुक्त (खाद्य)-II फतेहपुर डी.पी. सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से कुल 6 नमूने एकत्र किए। इनमें पांच विधिक और एक सर्विलांस नमूना शामिल है। रामगंज पक्का तालाब स्थित क्वालिटी आइसक्रीम से आइसक्रीम, मुसाफा बिंदकी के नवनीत एंटरप्राइजेज से बटरस्कॉच आइसक्रीम, कंसाही बिंदकी स्थित उजाला आइसक्रीम से आइसकैंडी ऑरेंज, कृष्ण बिहारी नगर में स्थित आइसक्रीम सेंटर एंड गुलेर जूस कॉर्नर से बटरस्कॉच आइसक्रीम और एस.के. जूस एंड फास्ट फूड सेंटर से मैंगो शेक के विधिक नमूने लिए गए। इसके अलावा आनंद मेडिकल स्टोर, चिकन टोला बाकरगंज से झंडू ब्रांड का हनी (शहद) एक सर्विलांस नमूने के रूप में संग्रहित किया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र, महेंद्र कुमार यादव और सिद्धार्थ कुमार मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
15 दिन पहले कासगंज में मारा था छापा
कासगंज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने छापेमारी की थी। सहायक आयुक्त सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने कई स्थानों का निरीक्षण किया था। टीम ने सबसे पहले सैलई रोड स्थित ओम साक्षी डेयरी का निरीक्षण किया था। यहां से पनीर और घी के नमूने लिए गए थे। संदिग्ध गुणवत्ता के कारण करीब 50 किलो पनीर को मालिक उमाशंकर की सहमति से नष्ट कर दिया गया था। इसके बाद टीम ने सैलई रोड की आन्या डेयरी का निरीक्षण किया था। यहां से भी पनीर के नमूने लिए गए थे। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जय किशन एग्रो फूड से लाल और हरी कैंडी के नमूने लिए गए थे।
Location : Fatehpur
Published : 20 May 2025, 4:22 PM IST
Topics : DynamiteNews Fatehpur food department Ice cream Parlor ManojTibrewalAakashDynamiteNews raid TrendingNews UP News क्राइम