
कांग्रेस-INDIA गठबंधन में सभी का सम्मान सुरक्षित: विश्वविजय सिंह
Gorakhpur/Lucknow: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता की भूख में धर्म और जाति का इस्तेमाल करती है और काम निकलते ही उन्हीं वर्गों को छोड़ देती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ब्राह्मण समाज सहित सभी वर्गों का वास्तविक हित केवल कांग्रेस और INDIA गठबंधन में ही सुरक्षित है।
विश्वविजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा समाज को बांटने की राजनीति की है। कभी धर्म के नाम पर तो कभी जाति के नाम पर लोगों को गुमराह किया गया। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आते ही उन वादों को भुला दिया जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ब्राह्मण समाज को भी केवल राजनीतिक मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया गया, जबकि उनकी समस्याओं, सम्मान और भागीदारी पर कभी ईमानदारी से ध्यान नहीं दिया गया।कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा समावेशी है। पार्टी ने हमेशा सभी जाति-धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने का काम किया है।
आज INDIA गठबंधन उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है, जहां किसी को डर या भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में ब्राह्मण, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी सभी को समान अवसर मिले और यही मॉडल देश को आगे ले जा सकता है।
युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिल रहा?
विश्वविजय सिंह ने मौजूदा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर धर्म और जाति की राजनीति को हवा दी जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि आज युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिल रहा, किसानों की आय क्यों नहीं बढ़ रही और आम आदमी की जेब पर बोझ क्यों बढ़ता जा रहा है—इन सवालों का जवाब भाजपा के पास नहीं है।
उन्होंने ब्राह्मण समाज से अपील करते हुए कहा कि वह भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को समझे। सम्मान केवल भाषणों से नहीं, बल्कि नीतियों और फैसलों से मिलता है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन ही ऐसा मंच है जहां सभी वर्गों को वास्तविक भागीदारी, सुरक्षा और सम्मान मिलेगा। अंत में विश्वविजय सिंह ने कहा कि आने वाला समय सामाजिक सौहार्द, समानता और लोकतंत्र को मजबूत करने का है। देश को नफरत नहीं, विकास और भाईचारा चाहिए—और यह रास्ता कांग्रेस व INDIA गठबंधन ही दिखा सकता है।
Location : Gorakhpur
Published : 27 December 2025, 6:32 PM IST
Topics : Gorakhpur Crime Gorakhpur News up crime UP News