बरेली में खूंखार कुत्तों का आतंक: 6 साल की मासूम को नोचकर मार डाला, 100 मीटर तक घसीटते रहे

बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने छह साल की बच्ची इनाया पर हमला कर दिया। कुत्ते बच्ची को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए खेतों में ले गए। गंभीर रूप से घायल मासूम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम और लोगों में आक्रोश है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 August 2026, 2:13 PM IST

Bareilly: बरेली में एक बार फिर आवारा कुत्तों का खूनी आतंक सामने आया है। सीबीगंज थाना क्षेत्र के लटूरी गांव में रविवार दोपहर कुत्तों के झुंड ने छह साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। खूंखार कुत्तों ने बच्ची पर अचानक हमला किया और उसे बुरी तरह नोच डाला। इतना ही नहीं, कुत्ते बच्ची को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए खेतों की तरफ ले गए। इस दर्दनाक मंजर को देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के भी रोंगटे खड़े हो गए।

खेलते-खेलते मासूम पर टूट पड़ा कुत्तों का झुंड

जानकारी के मुताबिक लटूरी गांव निवासी इसहाक खां की छह वर्षीय बेटी इनाया रविवार दोपहर गांव के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अचानक कुत्तों का एक झुंड वहां पहुंच गया और देखते ही देखते बच्ची को चारों तरफ से घेर लिया। कुत्तों ने मासूम पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद दूसरे बच्चे डर गए और चीखते हुए अपनी जान बचाकर भागने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े।

ग्रामीणों ने किसी तरह बचाई बच्ची की जान, लेकिन नहीं बच पाई जिंदगी

जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक कुत्ते बच्ची को करीब 100 मीटर दूर खेतों की ओर ले जा चुके थे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को भगाया और बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल इनाया को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की हालत देखकर परिवार के लोग सदमे में चले गए।

बेटी की मौत से परिवार में मचा कोहराम

इनाया की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बच्ची की मां आसिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि मासूम के शरीर पर कुत्तों के हमले के कई गंभीर निशान थे। जिस हालत में बच्ची को अस्पताल लाया गया था, उसे देखकर हर किसी का दिल दहल गया। इनाया अपने परिवार की तीन बेटियों में सबसे बड़ी थी। उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। बच्ची के पिता इसहाक खां दिव्यांग हैं और गांव में परचून की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

पुलिस ने की जांच, पोस्टमार्टम से परिवार ने किया इनकार

घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी विनोद कुमार और पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस ने परिवार से बातचीत कर जरूरी कार्रवाई की बात कही, लेकिन परिजन बच्ची का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। परिवार का कहना था कि बेटी पहले ही इतनी दर्दनाक हालत में गई है कि वे अब उसके शरीर पर कोई और प्रक्रिया नहीं चाहते। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिवार को सौंप दिया। देर रात बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

तीन साल में तीन मासूमों की मौत ने उठाए सवाल

बरेली में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में कुत्तों के हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं और कई बच्चों की जान जा चुकी है। हाल ही में नगर निगम की बैठक में भी आवारा कुत्तों और बंदरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा उठाया गया था। अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए नई एजेंसी के चयन की बात कही थी, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद हुई इस घटना ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Bareilly

Published :  17 August 2026, 2:13 PM IST