फतेहपुर में क्या हुआ था उस रात? युवक की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी

फतेहपुर के बकेवर थाना क्षेत्र में 35 साल रामराज निषाद का शव नदी से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गांव के दो लोगों के साथ घर से निकलने की बात कहते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 July 2026, 4:34 PM IST
google-preferred

Fatehpur : बकेवर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव नदी से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार शाम घर से निकले युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने गांव के दो लोगों के साथ युवक के घर से निकलने की बात कहते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब मौत की असली वजह जानने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है।

शुक्रवार शाम घर से निकले थे रामराज

मृतक की पहचान रामराज निषाद (35) पुत्र रामनरेश निषाद, निवासी जरियाहना, ग्राम सभा मथुरापुर, थाना बकेवर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामराज शुक्रवार शाम करीब सात बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि उनके नदी में डूबने की आशंका है। यह खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल बकेवर पुलिस को सूचना दी गई।

रातभर चला तलाश अभियान

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद रामराज का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

भागने की कोशिश, पुलिस की जवाबी फायरिंग और ढेर हुआ गुरूर, जानिए फतेहपुर एनकाउंटर की पूरी स्टोरी

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की पत्नी रजनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में दो बेटियां जूली (12 वर्ष) और काजल (6 वर्ष) तथा 11 वर्षीय बेटा सूरज हैं। बताया गया कि रामराज परदेश में मजदूरी करते थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे। परिजनों का आरोप है कि वह गांव के मनोहर और राजेंद्र के साथ घर से निकले थे। दोनों लोग बाद में अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन रामराज वापस नहीं पहुंचे। इसी आधार पर परिजनों ने थाने में शिकायत पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रामराज की मौत हादसे में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने लाई जा सके।

Location :  Fatehpur

Published :  4 July 2026, 4:34 PM IST

Advertisement