
राहुल गांधी (Img : pinterest)
Prayagraj : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चल रही सियासी हलचल अब थमती नजर आ रही है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पहले अनुमति रद्द होने के बाद कांग्रेस और प्रशासन के बीच स्थिति साफ नहीं थी। अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के लिखित आश्वासन के बाद कार्यक्रम का रास्ता साफ हो गया है। कायस्थ पाठशाला (केपी ट्रस्ट) ने अपना पिछला निरस्तीकरण आदेश वापस लेते हुए तय शर्तों और जिला प्रशासन की अनुमति के अधीन कार्यक्रम आयोजित करने की मंजूरी दे दी है।
प्रयागराज में नेता विपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को प्रशासन से मंजूरी मिल गई है। अब 8 अगस्त को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगा, जिसमें राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे।@INCIndia @INCUttarPradesh @RahulGandhi pic.twitter.com/gIJ2a0uX0s
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 6, 2026
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम प्रयागराज के केपी कॉलेज ग्राउंड में 8 अगस्त को आयोजित किया जाना है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की तैयारियां चल रही थीं। अनुमति रद्द होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब ट्रस्ट की ओर से अनुमति मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह बढ़ गया है।
मामले को सुलझाने के लिए यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह को औपचारिक पत्र और अंडरटेकिंग सौंपा। इस पत्र में उन्होंने कार्यक्रम के दौरान मैदान और परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया है।
अजय राय ने कहा है कि कार्यक्रम के लिए मैदान के उतने ही हिस्से का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे छात्रों की खेल गतिविधियों में किसी तरह की परेशानी न हो। कांग्रेस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि आयोजन के दौरान सभी नियमों का पालन किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पत्र में साफ किया है कि अगर कार्यक्रम की तैयारी या आयोजन के दौरान खेल मैदान या परिसर को कोई नुकसान पहुंचता है तो उसकी पूरी भरपाई कांग्रेस कमेटी की ओर से कराई जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट या किसी अन्य न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। कार्यक्रम किसी व्यावसायिक उद्देश्य से आयोजित नहीं किया जा रहा है और इसे तय नियमों के तहत ही संपन्न कराया जाएगा।
प्रयागराज ट्रिपल मर्डर: कमरे में थे सिर्फ तीन लोग या कोई चौथा भी? CCTV और सन्नाटे ने बढ़ाए सवाल
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। ऐसे में प्रयागराज में होने वाले इस कार्यक्रम पर राजनीतिक नजरें भी टिकी हुई हैं। अनुमति मिलने के बाद अब कांग्रेस कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों में जुट गई है।
Location : Prayagraj
Published : 7 August 2026, 12:12 AM IST