
नुक्कड़ नाटक का आयोजन (IMG: Dynamite News)
Sultanpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा और जनजागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया गया।
अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत चौक स्थित घंटाघर और पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने अभिनय और संवाद के माध्यम से सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानियों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के जरिए लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
‘सेवा की कहानी डिजिटल रील अभियान’ के तहत योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। लाभार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं से मिले लाभों को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाया।
ये भी पढ़ें: नौकरी और पैसे का लालच देकर खोला बैंक खाता, गोरखपुर में करोड़ों के संदिग्ध लेन-देन से ऐसे उठा पर्दा
‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच, दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं, मतदाता पंजीकरण समेत कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र नागरिकों से मौके पर आवेदन लेकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की गई।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, महिला स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रयासों से जोड़ना रहा।
Location : Sultanpur
Published : 22 September 2026, 8:13 PM IST
Topics : bjp Dynamite News Narendra Modi sultanpur news