हिंदी
घटना की जानकारी देते क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार (Img: Dynamite News)
Sultanpur: सुलतानपुर के बल्दीराय क्षेत्र में खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई झटका मशीन एक परिवार के लिए मौत का कारण बन गई। मेघमऊ गांव में रविवार सुबह 16 वर्षीय आर्यन तिवारी चरी के खेत में गया था। इसी दौरान वह खेत के किनारे लगाए गए तार के संपर्क में आ गया। तार में करंट दौड़ रहा था और तेज झटका लगने के बाद किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों के मुताबिक आर्यन घर के सामने स्थित चरी के खेत में गया था। खेत के चारों ओर जानवरों से फसल बचाने के लिए झटका मशीन लगाई गई थी। आरोप है कि मशीन में बिजली का तार जुड़ा हुआ था। आर्यन इसी तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद परिवार के लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें- 6 महीने में धंस गई सड़क, आमघाट पुल बंद; पहली बरसात भी नहीं झेल पाया नया एप्रोच मार्ग
एक पल में हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस किशोर के सुबह घर से खेत जाने की बात किसी सामान्य दिन जैसी थी, कुछ देर बाद उसी घर में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलने पर हलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि 9 अगस्त को मेघमऊ गांव में किशोर की झटका मशीन से करंट लगने से मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
ये भी पढ़ें- जंगल में गश्त कर रहे वनकर्मी पर हमला, पीछे से धारदार हथियार से वार; गिरते ही लाठी-डंडों से पीटा
किशोर की मौत के बाद खेतों में इस्तेमाल होने वाली झटका मशीनों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बल्दीराय के एसडीएम प्रभात सिंह ने तहसील क्षेत्र के किसानों से खेतों में लगी ऐसी मशीनों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि जांच के दौरान अगर किसी खेत में झटका मशीन पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खेतों में फसलों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए कई जगह अलग-अलग तरह के बिजली आधारित इंतजाम किए जाते हैं। लेकिन अगर इनमें सुरक्षा नियमों का ध्यान न रखा जाए तो यह लोगों और जानवरों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।
Location : Sultanpur
Published : 9 August 2026, 5:47 PM IST