
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Sitapur News: सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवाओं के बीच सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ अचानक बिजली के खंभे पर जा गिरा। पेड़ के साथ बिजली का खंभा भी टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाए गए युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम अल्लीपुर निवासी राजेश कुमार (45) रविवार सुबह अपनी परचून की दुकान खोलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज हवाएं चलने लगी। राजेश जब सड़क से गुजर रहे थे, तभी सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ बिजली के खंभे पर गिर गया। पेड़ गिरने के कारण खंभा टूटकर नीचे आ गया और राजेश उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत पेड़ की टहनियां हटाकर राजेश को बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली पहुंचाया।सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही महोली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
Location : Sitapur
Published : 27 September 2026, 8:55 PM IST