
गिरफ्तार महिला
Muzaffarnagar : जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र में चोरी की एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। हरिनगर गांव में 14 लाख 50 हजार रुपये और कान की बाली चोरी होने की शिकायत करने वाली महिला ही इस मामले की आरोपी निकली। पुलिस के मुताबिक, महिला ने खुद घर से 4 लाख 40 हजार रुपये चोरी किए और फिर अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की झूठी कहानी तैयार कर दी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम और कान की बाली बरामद कर ली है।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव में 23 और 24 अगस्त की रात पुलिस को चोरी की सूचना मिली थी। बताया गया था कि अज्ञात बदमाश घर में घुसे और अनाज की टंकी में रखे करीब 14 लाख 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि विरोध करने पर बदमाशों ने उसके कान की बाली छीन ली और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने जब घटना की जांच शुरू की तो कई बातें संदिग्ध नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने पूरी सच्चाई कबूल कर ली।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि महिला ने पैसों के लालच में खुद ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और बाद में इसे बदमाशों की करतूत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला गुलशना पत्नी अकरम निवासी हरिनगर को जानकारी थी कि उसकी सास गेहूं की टंकी में पैसे रखती हैं। महिला ने रात में टंकी का ताला तोड़कर उसमें रखे 4 लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए।
ताला तोड़ने के दौरान उसके हाथ में चोट लग गई थी। पुलिस का कहना है कि महिला ने इसी चोट को चाकू से हमले का रूप देने की कोशिश की और कान की बाली छीने जाने की झूठी कहानी भी बनाई।
चोरी किए गए रुपये महिला ने घर में रखे कूलर के अंदर छिपा दिए थे।
पुलिस ने महिला की निशानदेही पर कूलर में छिपाकर रखे 4 लाख 40 हजार रुपये और कान की एक बाली बरामद कर ली है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 August 2026, 9:09 PM IST