हिंदी
मृतका के पीड़ित परिजन
महराजगंज: नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 11 गांधीनगर निवासी मजदूर राम आसरे उर्फ पन्नेलाल (35) की गुरुवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राम आसरे परिवार में अकेले कमाने वाले थे, उनकी मौत से पत्नी, दो छोटे बच्चों और वृद्ध पिता का सहारा छिन गया है।
घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार, राम आसरे पनियरा आरकल मार्ग पर सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क किनारे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया।
हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कई घंटों तक चले इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह राम आसरे ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर जैसे ही पनियरा पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी इंदु देवी, 6 वर्षीय बेटा शिव कुमार, 4 वर्षीय बेटी ज्योति और वृद्ध पिता रामवृक्ष प्रसाद का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। राम आसरे दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह घर का खर्च चलाते थे। अचानक हुई इस अनहोनी ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। स्थिति इतनी दयनीय है कि पड़ोसियों ने मिलकर दाह संस्कार के लिए चंदा इकट्ठा किया।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोग प्रशासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गरीब परिवार पर अचानक आई इस त्रासदी में सरकारी मदद मिलना अत्यंत आवश्यक है।
Video: महराजगंज डीएम ने इस अनोखी पहल से जीत लिया वोटरों और BLO का दिल, जानें कैसे
पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। घटना की सूचना दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर मिलते ही अज्ञात कार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 28 November 2025, 2:39 PM IST