
बिजली संकट पर सपा का प्रदर्शन (IMG: Dynamite News)
Deoria: देवरिया के बरहज विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या को लेकर मंगलवार को सियासत गरमा गई। समाजवादी पार्टी के नेता विजय रावत ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल के साथ एसडीएम बरहज कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे के भीतर समस्या का समाधान करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
सपा नेता विजय रावत ने आरोप लगाया कि भलुअनी ब्लॉक के पोखरभीडा गांव के चौहान टोले के लोग पिछले तीन से चार वर्षों से बिजली की गंभीर समस्या झेल रहे हैं। उनका कहना था कि ग्रामीणों को नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम बरहज को सौंपते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए जल्द समाधान कराने की अपील की गई।
ज्ञापन सौंपने के बाद विजय रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्मार्ट सिटी और बेहतर सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज गांवों में लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
41 साल पुरानी कानूनी लड़ाई का अंत, देवरिया में मध्यस्थता से सुलझा 1985 से लंबित सिविल वाद
सपा नेता ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर बिजली समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह ग्रामीणों के साथ गांव में धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक ग्रामीणों को राहत नहीं मिलेगी, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दिनेश यादव, अमित प्रधान, विजय प्रताप चौहान, सुदर्शन चौहान, विकास यादव, संजय सिंह, राहुल तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने गांव की बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
Location : Deoria
Published : 4 August 2026, 2:04 PM IST