सपा सांसद डिंपल यादव ने उठाई ग्रामीणों की आवाज, विद्युत व्यवस्था को लेकर लिखा पत्र

सपा सांसद डिंपल यादव ने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में बिजली से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन को पत्र लिखा है। उन्होंने राठेरा गांव में जानलेवा तारों की समस्या, नगला आशा में बिजली की पूरी अनुपस्थिति और कई अन्य जगहों पर स्पार्किंग व फॉल्ट जैसी परेशानियों को उजागर करते हुए त्वरित समाधान की मांग की है।

Post Published By: Mrinal Pathak
Updated : 5 August 2025, 5:18 PM IST

Mainpuri News: मैनपुरी के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोग रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बार-बार की बिजली कटौती, जर्जर तारों से होने वाले खतरे और कई क्षेत्रों में बिजली की पूरी तरह से अनुपलब्धता अब चिंता का विषय बन चुकी है। ऐसे में अब समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को दो पत्र लिखकर इन समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है।

सांसद डिंपल यादव ने पत्र में स्पष्ट रूप से बताया कि ग्राम पंचायतों से लगातार विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतें मिल रही हैं और मौजूदा स्थिति बिल्कुल संतोषजनक नहीं है। उन्होंने तुरंत उचित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया है ताकि नागरिकों को बिजली से जुड़ी असुविधाओं से राहत मिल सके।

राठेरा गांव में खतरनाक बिजली लाइन

मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के राठेरा गांव में एक गंभीर समस्या हाल ही में सामने आई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव से होकर गुजर रही 11,000 वोल्ट की एल्यूमिनियम बिजली लाइन बस्तियों के बीच से निकल रही है। सांसद डिंपल यादव ने उल्लेख किया कि इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बिजली विभाग से आग्रह किया है कि इस खतरनाक लाइन को तत्काल दलनी लाइन में बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी दुर्घटना की संभावना समाप्त हो जाए।

मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने बिजली विभाग को लिखे पत्र

फॉल्ट व स्पार्किंग की समस्या

राठेरा के अलावा अन्य गांवों में भी विद्युत तारों में फॉल्ट और स्पार्किंग की समस्या बढ़ती जा रही है। सांसद डिंपल यादव ने पत्र में अधिकारियों से अपील की है कि वे इन तारों की नियमित जांच करें और दोषपूर्ण तारों को तुरंत सुधारें। इससे नागरिकों को बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं और असुविधाओं का सामना न करना पड़े, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह बेहद जरूरी है।

अंधेरे में जी रही जनता

ब्लॉक घिरौर स्थित नगला आशा ग्राम पंचायत के एक बड़े क्षेत्र में आज भी बिजली नहीं पहुंच पाई है। बिजली विहीन रहने के कारण ग्रामीण अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सांसद ने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा कि इस बिजली विहीन इलाके में तत्काल विद्युतीकरण करवाया जाए ताकि को रोशनी मिलने के साथ-साथ प्राथमिक सेवाएं चल सकें।

शीघ्र सुनवाई की मांग

डिंपल यादव ने यह पत्र जिला अधिकारी, मैनपुरी को भी भिजवाया है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे स्थानीय जनता की रिपोर्ट की गंभीरता से समीक्षा करें और जल्द से जल्द जिम्मेदार अधिकारियों को कार्रवाई में लगाएँ। सांसद ने भरोसा दिलाया है कि जिस तरह उन्होंने जनता की समस्या उठाई, वह विभागीय समीक्षा के बाद सुनिश्चित कार्यवाही भी देखना चाहती हैं।

  • Beta

Beta feature

Location :  New Delhi

Published :  5 August 2025, 5:03 PM IST