
कथा मंच
Farrukhabad : भोजपुर विधानसभा क्षेत्र की सियासत में इन दिनों हलचल तेज है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं संभावित उम्मीदवार डॉ. जेपी सिंह वर्मा ने अपने जनसंपर्क अभियान को धार देते हुए अनबोला गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शिरकत की। उनके पहुंचते ही स्थानीय समर्थकों और सपा कार्यकर्ताओं में जोश देखने को मिला और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। जिससे क्षेत्र में उनकी बढ़ती राजनीतिक पकड़ का संकेत साफ नजर आया।
कथा स्थल पर डॉ. वर्मा ने व्यास पीठ को नमन कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता दर्ज कराई और कथावाचक कुमारी रश्मि शास्त्री से आशीर्वाद भी लिया। हालांकि इस धार्मिक आयोजन को उन्होंने जनसंपर्क के बड़े मंच के रूप में भी साधने की कोशिश की। जहां ग्रामीणों से सीधा संवाद कर राजनीतिक संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में डॉ. जेपी सिंह वर्मा ने कहा कि समाज में भाईचारा, एकता और सौहार्द बनाए रखना ही सच्ची राजनीति और सामाजिक विकास की नींव है। उन्होंने परोक्ष रूप से जनता से जुड़ाव बढ़ाते हुए कहा कि क्षेत्र के किसान, मजदूर, युवा और व्यापारी तभी आगे बढ़ेंगे जब विकास की राजनीति जमीन पर दिखाई देगी, सिर्फ वादों में नहीं।
फर्रुखाबाद में मायके में विवाहिता ने दी जान, पति की शराबी हरकतों से थी परेशान, जांच जारी
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर भी अपनी राजनीतिक प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर ठोस काम होना चाहिए और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने सपा की नीतियों को दोहराते हुए कहा कि पार्टी हमेशा से पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और गरीब वर्गों की आवाज उठाती रही है।
राजनीतिक संदेश देते हुए उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर विकास और सामाजिक न्याय को नई दिशा मिलेगी। उनके इस बयान को आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां वे खुद को भोजपुर सीट से मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित करने में जुटे हैं।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह दिखाते हुए उन्हें समर्थन का भरोसा दिया। अंत में कथावाचक कुमारी रश्मि शास्त्री ने धार्मिक संदेश देते हुए समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
Location : Farrukhabad
Published : 8 June 2026, 1:23 AM IST