
संदिग्ध हालात में युवक की मौत से सनसनी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sonbhadra: सोनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र में एक आदिवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्राम कुडारी के खजुरहिया टोला में 26 वर्षीय बल्लू कोल का शव सड़क किनारे पटरी के पास झोपड़ी के बगल में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान बल्लू कोल पुत्र पिआरे कोल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को घटनास्थल पर फेंका गया। शव जिस स्थिति में मिला, उससे मामला सामान्य मौत न होकर आपराधिक घटना प्रतीत हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पीआरबी 112, जुगैल थाना प्रभारी शिव प्रताप वर्मा और ओबरा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान झोपड़ी के पास खून के निशान मिले हैं, जिससे यह अंदेशा मजबूत हो गया है कि हत्या वहीं की गई और बाद में शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्य इस मामले को और गंभीर बना रहे हैं।
इलाज के नाम पर अव्यवस्था… सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में मरीजों की बढ़ी मुश्किलें; पढे़ं पूरी खबर
मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक पर कुल्हाड़ी या किसी अन्य धारदार हथियार से हमला किया गया होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, जिस झोपड़ी के पास घटना हुई, वहां रहने वाले लोग भी उसी समुदाय के बताए जा रहे हैं। हालांकि, घटना के बाद से वे सभी फरार हैं, जिससे शक और गहरा हो गया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
सोनभद्र के 41वें जिलाधिकारी बने चर्चित गौड़, कार्यभार संभालते ही तय की प्रशासनिक प्राथमिकताएं
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों से पूछताछ में अभी तक किसी आपसी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर आक्रोशित हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
Location : Sonbhadra
Published : 29 April 2026, 10:37 AM IST