
रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में आगजनी से ग्रामीणों में आक्रोश
Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गेंगुआर गांव में गुरुवार रात अराजक तत्वों ने होलिका दहन के लिए एकत्रित लकड़ियों और एक किसान के करीब 10 बीघा धान के पुआल में आग लगा दी। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे सुनियोजित शरारत बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, 19 फरवरी की रात लगभग 10:30 बजे स्कूटी सवार अज्ञात व्यक्तियों ने ग्राम पंचायत गेंगुआर में होलिका दहन के लिए एकत्र की गई लकड़ियों में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। आरोप है कि यही लोग घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर एक किसान के खेत में रखे 10 बीघा से अधिक धान के पुआल में भी आग लगाकर फरार हो गए।
आग से किसान को भारी आर्थिक क्षति हुई है। पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
Sonbhadra News: जेल से परीक्षा हॉल तक… पुलिस अभिरक्षा में लिखी उत्तर पुस्तिका, पढ़ें ये अनोखी खबर
घटना के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और उनमें से एक की पहचान की। इसके बाद ग्रामीणों ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेन चौक निवासी वंश केसरी नामक युवक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
ग्रामीणों ने 10 बीघा पुआल जलाने का लगाया गंभीर आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि होलिका दहन उनकी आस्था और परंपरा से जुड़ा विषय है। ऐसे में होलिका में आग लगाना न केवल शरारत है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है। ग्रामीणों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताया है। उनका कहना है कि त्योहारों के पहले इस तरह की घटना से गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अराजक तत्वों के खिलाफ समय पर कार्रवाई न होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने बताया कि दो-तीन दिन पहले पास के एक गांव में भी पुआल जलाने की घटना सामने आई थी। करीब 20 दिन पहले भी इसी तरह की एक वारदात हो चुकी है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले कोतवाली में तहरीर देकर क्षेत्र में नशेड़ियों की बढ़ती संख्या और छिनैती की घटनाओं की जानकारी दी थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
Sonbhadra News: खाली मकान बना खतरे का कारण, ओबरा में आग लगने से इलाके में मची अफरा-तफरी
गांव के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Location : Sonbhadra
Published : 20 February 2026, 12:27 PM IST