हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Sonbhadra: सोनभद्र पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने अवैध खनन और परिवहन में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके तीन वाहन जब्त किए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/ऑपरेशन) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत की गई। खनन विभाग के खनन निरीक्षक अतुल दूबे को 17 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि लोढ़ी टोल प्लाजा से एक वाहन द्वारा अवैध खनन सामग्री ले जाई जा रही है।
जब वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक धक्का मारकर भाग गया। खनन निरीक्षक दूबे ने अपनी टीम के साथ वाहन का पीछा किया और उसे पावर हाउस के पास उरमौरा में लावारिस हालत में पाया। जांच में पता चला कि वाहन पर अवैध खनिज लदा हुआ था और उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। वाहन के पास वैध परिवहन पत्र भी नहीं था। इन अनियमितताओं के आधार पर, खनन निरीक्षक अतुल दूबे ने रॉबर्ट्सगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 43/2026 दर्ज कराया।
यह मुकदमा भारतीय दंड संहिता की धारा 303(2), 317(2), 121(1), 109(1), उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली की धारा 3(1)/58/72(6), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्तों में से चार को 19 जनवरी 2025 को दोपहर 13:28 बजे लोढ़ी, रॉबर्ट्सगंज से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उनके तीन वाहन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मिर्जापुर के दारानगर निवासी दिनेश्वर केशरी उर्फ भोनू (21 वर्ष), रॉबर्ट्सगंज के मेन मार्केट निवासी फरीद अहमद (45 वर्ष), रॉबर्ट्सगंज के उरमौरा निवासी अश्वनी कुमार सिंह और रॉबर्ट्सगंज के बिचपई निवासी कमलेश विश्वकर्मा (22 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी जेल जा चुके हैं।
Location : Sonbhadra
Published : 19 January 2026, 9:13 PM IST
Topics : Illeagal Mining Police Action Sonbhadra UP News