सोनभद्र कलेक्ट्रेट में बड़ा हड़कंप! पेट्रोल लेकर पहुंचा युवक, समय रहते पुलिस ने टाली अनहोनी…

सोनभद्र कलेक्ट्रेट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पेट्रोल से भरा बैग लेकर पहुंच गया। युवक सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज था। पुलिस ने समय रहते उसे रोक लिया। मामला चारागाह जमीन विवाद से जुड़ा है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 May 2026, 7:35 PM IST

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के लोढ़ी स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक बैग में संवेदनशील पदार्थ लेकर अचानक पहुंच गया। युवक की हरकत से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते उसे रोक लिया और बड़ा हादसा होने से बचा लिया।

घटना के बाद पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को घेर लिया और उसके बैग से संवेदनशील पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

युवक की पहचान और नाराजगी की वजह

पुलिस ने युवक की पहचान रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के भरूहा गांव निवासी नरेंद्र तिवारी के रूप में की है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से चारागाह जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर शिकायत कर रहा था। उसका आरोप है कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह काफी नाराज था।

गोरखपुर: 7 साल बाद मिला इंसाफ, दुष्कर्म मामले में आरोपी को 7 साल की सजा

शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप

युवक का कहना है कि वह कई दिनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उसने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उसके साथ मारपीट भी की गई। इसी नाराजगी में उसने यह कदम उठाया।

प्रशासन की प्रतिक्रिया और जांच शुरू

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी ने मौके पर एडीएम न्यायिक रमेश चंद्र को भेजा, जिन्होंने युवक से पूछताछ की। एडीएम न्यायिक ने बताया कि युवक की शिकायत प्राप्त कर ली गई है और संबंधित विभागों को जांच के लिए भेज दिया गया है।

Gorakhpur News: शिक्षामित्रों के लिए बड़ी खुशखबरी अब नियमितीकरण पर नजर

एडीएम ने कहा, प्रार्थना पत्र मिल चुका है और मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित युवक नरेंद्र तिवारी ने कहा, "मैं कई दिनों से न्याय के लिए भटक रहा हूं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मुझे मजबूर होकर बड़ा कदम उठाना पड़ेगा।"

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल युवक से पूछताछ जारी है और कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Location :  Sonbhadra

Published :  6 May 2026, 7:35 PM IST