डर को छोड़ो, बेखौफ आगे बढ़ो! सीतापुर में महिला सुरक्षा का संदेश लेकर सड़कों पर उतरी पुलिस और छात्राओं की टोली

महिला सुरक्षा और सम्मान के संदेश के साथ सीतापुर में पुलिस ने निकाला पैदल मार्च। जानिए, महिलाओं को किन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 October 2026, 1:54 PM IST

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत सीतापुर पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पैदल मार्च निकाला। इसमें पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों, छात्राओं, शिक्षिकाओं और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।

तरणताल स्टेडियम से शुरू हुआ पैदल मार्च

पैदल मार्च का नेतृत्व एसपी उत्तरी आलोक सिंह ने किया। सीओ सिटी विनय कुमार यादव और सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने भी कार्यक्रम में मार्गदर्शन दिया। मार्च तरणताल स्टेडियम से शुरू होकर आई हॉस्पिटल और लालबाग चौराहे तक पहुंचा। निर्धारित मार्ग से वापस लौटने के बाद महिला थाने पर इसका समापन हुआ।

सीतापुर में तेज रफ्तार वाहन ने छीन ली ई-रिक्शा चालक की जिंदगी, टक्कर मारकर फरार हुआ ड्राइवर

महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण पर दिया जोर

मार्च के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक किया गया। इसमें मिशन शक्ति केंद्र की महिला आरक्षियों के साथ जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने सहभागिता की। समाज कल्याण और शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

1090 और 112 हेल्पलाइन की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं से अपील की गई कि उत्पीड़न या किसी अपराध का सामना करने पर वे डरें नहीं और बिना संकोच पुलिस की सहायता लें। उन्हें महिला पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

कपड़े की पोटली वहीं रह गई और उजड़ गई दुनिया! सीतापुर में रोडवेज बस की टक्कर से फेरी वाले की मौत, घर में पसरा सन्नाटा

महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की अपील

सीतापुर पुलिस ने समाज के सभी वर्गों से महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उनके भीतर सुरक्षा के प्रति विश्वास मजबूत करना है।

Location :  Sitapur

Published :  13 October 2026, 1:54 PM IST