बारिश से बचने झोपड़ी में छिपा था मासूम, गिरी आकाशीय बिजली: सीतापुर में 15 वर्षीय गंगाराम की मौत, गांव में कोहराम

सीतापुर में बारिश से बचने के लिए खेत के पास बनी झोपड़ी में पहुंचे किशोर को क्या पता था कि कुछ ही पल में वहां मौत दस्तक देने वाली है। आकाशीय बिजली गिरने से 15 वर्षीय गंगाराम की जान चली गई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 7 October 2026, 7:24 PM IST
google-preferred

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मिश्रिख क्षेत्र के तिमालिया गांव में बुधवार शाम बूंदाबांदी के बीच खेत के पास बनी झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में झोपड़ी में मौजूद 15 वर्षीय गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माया देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।

बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में गया था किशोर

गांव निवासी मुन्नालाल का बेटा गंगाराम खेत में काम करने गया था। बुधवार शाम करीब पांच बजे मौसम अचानक बिगड़ने लगा और बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए गंगाराम खेत के पास बनी झोपड़ी में चला गया। उसी दौरान तेज आवाज के साथ झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई।

दवा लेने निकला था युवक, सीतापुर में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया; गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

बिजली की चपेट में आने से किशोर की मौत

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंगाराम बुरी तरह झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। झोपड़ी में मौजूद माया देवी भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व राजस्व विभाग को सूचना दी।

घायल महिला का सीएचसी में इलाज जारी

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं घायल माया देवी को सीएचसी मिश्रिख में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सीतापुर में सनसनी: गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला लापता युवक का शव, परिवार में कोहराम

परिवार को आर्थिक सहायता का आश्वासन

तहसीलदार मिश्रिख दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत के मामले में आपदा राहत के तहत नियमानुसार मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Location :  Sitapur

Published :  7 October 2026, 7:24 PM IST

Related News

Advertisement