
सीतापुर में शारदा और घाघरा नदियों का जलस्तर बढ़ा (Img: Dynamite News)
Sitapur: सीतापुर में शारदा और घाघरा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। बैराजों से छोड़े गए करीब तीन लाख क्यूसेक पानी का असर अब तटीय इलाकों में साफ नजर आने लगा है। हालांकि अभी दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन गांवों में जलभराव और कटान की स्थिति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, शारदा और घाघरा नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले कुछ दिनों से पानी करीब 10 सेंटीमीटर प्रतिदिन बढ़ रहा है। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ा है। करीब 150 बीघा कृषि भूमि पानी में डूब चुकी है, जिससे गन्ना और धान की फसलें प्रभावित होने लगी हैं।
ये भी पढ़ें- हाईकोर्ट के इस फैसले से अफजाल अंसारी को मिली बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लग गई रोक! आखिर क्या है पूरा मामला?
सबसे ज्यादा असर रामपुर मथुरा और रेउसा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। यहां कई गांवों के संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए हैं। नगेधरपुरवा और बचऊपुरवा गांव के लोगों को आने-जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।
रेउसा क्षेत्र के करीब 20 से अधिक गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ रही है, क्योंकि पानी बढ़ने के साथ ही रास्तों और खेतों में परेशानी बढ़ती जा रही है। वहीं बेहटा विकासखंड के खाना मंडौर इलाके में नदी की कटान भी तेज हो गई है। नदी धीरे-धीरे जमीन को अपनी चपेट में ले रही है। ग्रामीण अपनी जमीन और फसल बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
एसडीएम लहरपुर दामिनी एम. दास ने बताया कि कटान प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई विभाग की टीमें तैनात की गई हैं। कटान रोकने के लिए बालू से भरी बोरियों और जियो बैग का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। इसके बावजूद संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़ें- देवरिया पुलिस के ‘ऑपरेशन मिडनाइट’ में बड़ा खुलासा, मुखबिर की एक कॉल ने कैसे पकड़वाया शातिर सद्दाम?
अधिकारियों के मुताबिक, अगर बैराजों से पानी छोड़े जाने का सिलसिला जारी रहता है तो तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Location : Sitapur
Published : 3 August 2026, 8:01 PM IST