मां भारती की सेवा की चाहत… और थम गई सांसें; सीतापुर में फौजी बनने का सपना देखने वाले होनहार की दर्दनाक हादसे में मौत

सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखने वाला 25 वर्षीय युवक रोज की तरह दौड़ने निकला था, लेकिन कुछ ही पलों में सब बदल गया। आखिर किस वाहन ने मारी टक्कर और क्यों अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है? जानिए इस दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 2 August 2026, 4:37 PM IST
google-preferred

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे एक 25 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक रोज की तरह सुबह दौड़ की प्रैक्टिस कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

दौड़ की प्रैक्टिस के दौरान हुआ हादसा

यह दर्दनाक हादसा पिसावां थाना क्षेत्र के पनेहिया पुल के पास रविवार सुबह करीब सात बजे हुआ। हुसैनपुर गांव निवासी धीरेंद्र सिंह सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था और रोजाना की तरह फिजिकल दौड़ के लिए निकला था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

Sitapur: पीट-पीटकर अधमरा किया, फिर कसा गला, सीतापुर में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गया परिवार का सपना

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल धीरेंद्र को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

होमगार्ड परीक्षा पास कर सेना की कर रहा था तैयारी

बताया जा रहा है कि धीरेंद्र ने हाल ही में होमगार्ड भर्ती परीक्षा पास की थी और सेना में भर्ती होने के लिए लगातार मेहनत कर रहा था। वह ट्यूशन पढ़ाने के साथ पिता के खेती-किसानी के काम में भी हाथ बंटाता था।

Sitapur: मंडी में धान तौलने का संकट क्यों? जानिए किसानों के भड़कने की असली वजह

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पिसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Sitapur

Published :  2 August 2026, 4:37 PM IST

Advertisement