
मृतक का फाइल फोटो (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: मैनपुरी के कुसमरा कस्बे में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इंसानी रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक भाई की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करवा दी। आधी रात घर के अंदर गोली चलने की आवाज आई, लेकिन साजिश इतनी शातिर थी कि सब कुछ छिपाने की कोशिश की गई। हालांकि, सच ज्यादा देर तक छिप नहीं सका और एक मासूम बच्चे की जुबान ने इस खौफनाक हकीकत को सबके सामने ला दिया।
मासूम की गवाही से खुला राज
घटना की शुरुआत तब हुई जब फर्रुखाबाद निवासी करन मिश्रा अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल छोड़ने कुसमरा आया था। रात होने के बाद जब करन घर नहीं लौटा तो परिवार चिंतित हो गया। बहन पूजा ने परिजनों को गुमराह करते हुए कहा कि वह निकल चुका है। लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आया जब पूजा के बेटे रितिक ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे जितेंद्र ठाकुर उर्फ जीतू घर आया और उसने उसके मामा को गोली मार दी। बच्चे ने यह भी बताया कि उसकी मां इस पूरी घटना में शामिल थी।
कबूलनामे के बाद झाड़ियों से मिला शव
मासूम के बयान के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी बीच परिजनों ने आरोपी जितेंद्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि हत्या के बाद शव को धर्मगदपुर के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया, जिसके सिर में गोली का निशान मिला। करन मिश्रा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार का दुख और भी गहरा हो गया है।
आखिरी गेंद पर टूटा दिल्ली कैपिटल्स का दिल, गुजरात टाइटन्स ने कुल 1 रन से हराया
अवैध संबंधों ने ली एक और जान
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जितेंद्र और पूजा के बीच प्रेम संबंध थे और यही इस हत्या की सबसे बड़ी वजह बना। करन इस रिश्ते के रास्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
Location : Mainpuri
Published : 9 April 2026, 12:04 AM IST